Emmanuel Macron Hindi Message For PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने छह दिवसीय फ्रांस और स्लोवाकिया दौरे को पूरा कर भारत के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके वहां से निकलने के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने हिंदी में एक विशेष वीडियो संदेश जारी कर भारत और फ्रांस के रिश्तों को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। मैक्रों का यह संदेश दोनों देशों के बीच मजबूत होते संबंधों की एक और झलक माना जा रहा है।
हिंदी में बोले राष्ट्रपति मैक्रों
राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने वीडियो संदेश में कहा, ‘प्रिय मित्र नरेंद्र, आपका नीस, एवियन और पेरिस के दौरे में स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हुई। फ्रांस और भारत की दोस्ती अमर रहे।’ उन्होंने मुस्कुराते हुए आगे कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनका हिंदी संदेश सही होगा। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का इस मित्रता के लिए धन्यवाद भी किया।
Priye mitr @NarendraModi. pic.twitter.com/BXPVenkrXi
— Emmanuel Macron (@EmmanuelMacron) June 18, 2026
फरवरी में हो सकता है मैक्रों का भारत दौरा
अपने संदेश में मैक्रों ने कहा कि वह अगले वर्ष फरवरी में भारत की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने की उम्मीद करते हैं। उनके इस बयान को दोनों देशों के बीच बढ़ते रणनीतिक और कूटनीतिक सहयोग के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
PM मोदी ने किया धन्यवाद
राष्ट्रपति मैक्रों के वीडियो संदेश के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रिएक्शन देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने फ्रांस यात्रा को सफल और ऐतिहासिक बताते हुए राष्ट्रपति मैक्रों, फ्रांस सरकार और वहां के नागरिकों को धन्यवाद दिया।
नीस से शुरू हुआ था दौरा
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में बताया कि उनकी फ्रांस यात्रा की शुरुआत नीस शहर से हुई, जहां ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम ने नवाचार और साझेदारी के नए अवसरों को मजबूत करने का काम किया।
G7 शिखर सम्मेलन में भी हुए शामिल
प्रधानमंत्री ने बताया कि इसके बाद उन्होंने एवियन का दौरा किया, जहां उन्होंने G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान वैश्विक मुद्दों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से जुड़े कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई।
विवाटेक 2026 में किया संबोधन
यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी पेरिस पहुंचे, जहां उन्होंने ‘विवाटेक 2026’ कार्यक्रम को संबोधित किया। इसके अलावा उन्होंने भारतीय समुदाय के एक बड़े कार्यक्रम में हिस्सा लिया और दुनिया की प्रमुख कंपनियों के कई शीर्ष सीईओ से भी मुलाकात की है।
भारत-फ्रांस संबंध और मजबूत होने की उम्मीद
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें फ्रांस में जो सम्मान और गर्मजोशी मिली, उसके लिए वह विशेष रूप से राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, फ्रांस सरकार और वहां की जनता के आभारी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भारत और फ्रांस के बीच मित्रता, सहयोग और साझेदारी के संबंध और अधिक मजबूत होंगे।
Read More:

