HomeBreaking Newsहरियाणा महिला आयोग में उषा प्रियदर्शनी ने संभाला अध्यक्ष का पदभार, भाटिया...

हरियाणा महिला आयोग में उषा प्रियदर्शनी ने संभाला अध्यक्ष का पदभार, भाटिया इस्तीफे वाले केस की होगी गहन जांच

हरियाणा राज्य महिला आयोग(Haryana Women’s Commission) में सोमवार को एक महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिला जब नवगठित टीम ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। लंबे समय से खाली पड़ी शीर्ष जिम्मेदारी अब गुरुग्राम की भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष उषा प्रियदर्शनी को सौंपी गई है। उनके साथ भिवानी की मीना परमार ने उपाध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला जबकि आयोग में कुल मिलाकर पांच नए सदस्यों की नियुक्ति भी की गई है।

पूर्व अध्यक्ष रेनू भाटिया के इस्तीफे के बाद आयोग का नेतृत्व खाली चल रहा था जिसे अब नई टीम के आने से भरा गया है। पद संभालते ही आयोग में नई ऊर्जा और दृष्टिकोण की झलक दिखाई दी।

नई अध्यक्ष का महिलाओं के लिए संकल्प

कार्यभार ग्रहण करने के बाद उषा प्रियदर्शनी ने स्पष्ट किया कि उनका सबसे बड़ा उद्देश्य आयोग को एक ऐसा मंच बनाना है जहां किसी भी पीड़ित महिला को न्याय के साथ-साथ सम्मान और भरोसा भी मिले।

उन्होंने कहा कि आयोग में आने वाली हर महिला की समस्या को गंभीरता से सुना जाएगा और कोशिश रहेगी कि शिकायत लेकर आने वाली हर महिला आत्मविश्वास के साथ और संतोष लेकर वापस जाए। उन्होंने यह भी कहा कि महिला सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्रवाई पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ेगी।

रेनू भाटिया केस के की होगी पूरी जांच

पूर्व अध्यक्ष रेनू भाटिया से जुड़े विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए उषा प्रियदर्शनी ने बताया कि उन्होंने यह मामला सोशल मीडिया के माध्यम से देखा है लेकिन उन्हें पहले से इस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि जैसे ही वे पूरी फाइल और तथ्यों का अध्ययन करेंगी उसके बाद निष्पक्ष रूप से जांच की जाएगी।
उनका कहना था कि अगर किसी स्तर पर कोई अनियमितता या गलती सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि रेनू भाटिया के अनुभव का लाभ आयोग को मिल सकता है और इस दिशा में सकारात्मक सहयोग की संभावना भी देखी जाएगी।

कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा पर फोकस

उषा प्रियदर्शनी ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि आज भी कई महिलाएं कार्यस्थल पर उत्पीड़न का सामना करती हैं लेकिन सामाजिक दबाव और डर के कारण खुलकर शिकायत नहीं कर पातीं। उन्होंने कहा कि आयोग का वातावरण ऐसा बनाया जाएगा जहां महिलाएं बिना किसी भय और झिझक के अपनी बात रख सकें।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि महिला सम्मान और सुरक्षा से जुड़े मामलों में आयोग किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेगा। हर शिकायत को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से निपटाने का प्रयास किया जाएगा ताकि पीड़ित महिलाओं को जल्द न्याय मिल सके।

पद ग्रहण से पहले की पूजा अर्चना

कार्यभार संभालने से पहले एक अलग ही दृश्य देखने को मिला, जब उषा प्रियदर्शनी ने परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना करवाई। बताया गया कि उन्होंने कुर्सी पर बैठने से पहले पंडित द्वारा मंत्रोच्चारण करवाया और अपने कार्यालय में गणेश जी की प्रतिमा स्थापित की।

इसके बाद ही उन्होंने औपचारिक रूप से अपनी कुर्सी संभाली। इस दौरान उनके समर्थकों की बड़ी संख्या मौजूद रही जो इस पूरे कार्यक्रम को लेकर उत्साहित दिखाई दिए। धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ पदभार ग्रहण करने का यह क्षण वहां मौजूद लोगों के लिए विशेष चर्चा का विषय बन गया।

यह भी पढ़ें : पाकिस्तान में ट्रेनिंग मिशन के दौरान PAF प्लेन क्रैश, दोनों पायलटों की मौत…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments