प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने और देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में नया रिकॉर्ड स्थापित करने के अवसर पर दिल्ली में विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने मंदिरों में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर नेतृत्व की कामना की।
इस अवसर पर दिल्ली के प्रसिद्ध झंडेवालान मंदिर में विशेष पूजा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता(CM Rekha Gupta), मंत्रिमंडल के सदस्य तथा पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। पूजा-अर्चना के दौरान देश की प्रगति, विकास और जनकल्याण के लिए भी प्रार्थना की गई।
कई वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में सांसद बांसुरी स्वराज, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रमुख संजय मयूख और अन्य नेताओं ने भी भाग लिया। वहीं उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक तथा दिल्ली भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने मयूर विहार स्थित श्री गणेश मंदिर में विशेष पूजा कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की।
इस दौरान भाजपा के संगठन महामंत्री पवन राणा सहित अनेक कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं।
चांदनी चौक में भी हुआ धार्मिक आयोजन
चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने नई दिल्ली स्थित हनुमान वाटिका में पूजा-अर्चना की। उनके साथ पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने भी भाग लिया। इस अवसर पर गौसेवा का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया जिसमें गायों को चारा खिलाया गया और पशु कल्याण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में शामिल नेताओं ने प्रधानमंत्री के लंबे और सफल सार्वजनिक जीवन की कामना करते हुए उनके नेतृत्व को देश के विकास से जोड़ा।
नितिन नवीन ने अवसर को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उनके अनुसार, जनता का विश्वास और समर्थन ही इस लंबी राजनीतिक यात्रा की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं ने गरीबों, युवाओं, महिलाओं और समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज देश का युवा वर्ग नई ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने की गौसेवा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किशनगंज स्थित पिंजरापोल गौशाला पहुंचकर गौसेवा की। उन्होंने गायों को चारा खिलाया और परिसर में स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ सुंदरकांड का पाठ भी किया।
CM रेखा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, जनकल्याण और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।