दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में सोमवार सुबह एक मामूली विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। हडसन लेन स्थित एक गद्दे की दुकान में काम करने वाले दो कर्मचारियों के बीच हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक युवक ने अपने साथी पर कैंची से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एक ही दुकान में साथ करते थे काम
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बाराबंकी निवासी दिलबहार के रूप में हुई है, जबकि आरोपी अशफाक बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला बताया गया है। दोनों लंबे समय से एक ही दुकान में काम कर रहे थे। दुकान मालिक के मुताबिक, घटना से कुछ समय पहले तक दोनों सामान्य तरीके से साथ बैठे थे और नाश्ता भी कर रहे थे। उस दौरान किसी बड़े विवाद के संकेत नहीं मिले थे।
बहस के बाद हिंसक हुआ मामला
जानकारी के अनुसार, काम के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अशफाक ने कैंची उठाकर दिलबहार पर हमला कर दिया। हमले के बाद घायल युवक जान बचाने के लिए दुकान से बाहर भागा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करता रहा और लगातार वार करता रहा।
लोगों ने की रोकने की कोशिश
घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपी बेहद आक्रामक था। लोगों के मुताबिक, वह हाथ में कैंची लेकर लोगों को भी पास आने से रोक रहा था। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जांच में विवाद की वजह आपसी कहासुनी बताई जा रही है, हालांकि अधिकारी अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रहे हैं। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि हत्या अचानक गुस्से में की गई या इसके पीछे कोई पुराना विवाद भी था। लंबे समय से साथ काम कर रहे दोनों कर्मचारियों के बीच इस तरह की घटना ने स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया है।
Read More

