भारत ने रक्षा क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने मानव रहित हवाई वाहन (UAV) से दागी जाने वाली प्रिसिजन गाइडेड मिसाइल ULPGM-V3 का सफल परीक्षण किया है। इस परीक्षण के बाद भारत की ड्रोन आधारित सैन्य क्षमता को बड़ा बढ़ावा मिला है। रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, मिसाइल का परीक्षण आंध्र प्रदेश के कुरनूल स्थित DRDO परीक्षण क्षेत्र में किया गया। इस दौरान मिसाइल के ‘एयर-टू-ग्राउंड’ और ‘एयर-टू-एयर’ दोनों मोड का सफल परीक्षण हुआ।
क्या है ULPGM-V3 मिसाइल?
ULPGM-V3 एक अत्याधुनिक स्वदेशी मिसाइल प्रणाली है, जिसे खासतौर पर ड्रोन और हेलिकॉप्टर आधारित अभियानों के लिए तैयार किया गया है। यह मिसाइल हवा से जमीन पर मौजूद टैंक, बंकर और सैन्य ठिकानों को सटीक निशाना बना सकती है। इसके अलावा यह हवा में मौजूद दुश्मन के टारगेट्स को भी मार गिराने में सक्षम है। इस मिसाइल को ड्रोन, हेलिकॉप्टर और जमीन आधारित प्लेटफॉर्म से लॉन्च किया जा सकता है। इसमें जैमिंग रेजिस्टेंट तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे दुश्मन के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम इसे आसानी से बाधित नहीं कर सकते।
पाकिस्तान की क्यों बढ़ी चिंता?
रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि ULPGM-V3 के सफल परीक्षण के बाद भारत की सामरिक ताकत और मजबूत हुई है। खासकर सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन आधारित हमलों की क्षमता बढ़ने से पाकिस्तान के लिए नई चुनौती खड़ी हो सकती है। हाल के वर्षों में भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और ड्रोन गतिविधियों को देखते हुए यह तकनीक काफी अहम मानी जा रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह मिसाइल पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम, सैन्य पोस्ट और टैंकों के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। अब भारत छोटे ड्रोन के जरिए भी सटीक मिसाइल हमला करने की क्षमता हासिल कर चुका है, जिससे सीमावर्ती अभियानों में तेजी और सटीकता दोनों बढ़ेंगी।
भारत को क्या होगा फायदा?
यह मिसाइल पूरी तरह स्वदेशी तकनीक पर आधारित है, जिससे भारत की विदेशी हथियारों पर निर्भरता कम होगी। इसके अलावा इसकी लागत विदेशी मिसाइल सिस्टम की तुलना में कम बताई जा रही है, जिससे बड़े पैमाने पर उत्पादन संभव होगा। रक्षा सूत्रों का कहना है कि आने वाले समय में ULPGM-V3 को भारतीय सेना के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स में शामिल किया जा सकता है। इससे भारतीय सेना की ड्रोन स्ट्राइक क्षमता और अधिक मजबूत होगी और आधुनिक युद्ध प्रणाली में भारत को रणनीतिक बढ़त मिलेगी।
Read More
दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 40 करोड़ रुपये के साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड

