Patiala Railway Track Blast: पंजाब के पटियाला में देर रात एक संदिग्ध धमाके ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया। राजपुरा और शंभू रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFCCI) की लाइन पर जोरदार विस्फोट हुआ। घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और रेल संचालन को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई।
मौके पर पहुंचीं सुरक्षा एजेंसियां
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और स्थानीय पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी गई और रेलवे ट्रैक की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई।
ट्रैक पर टुकड़ों में मिला शव
जांच के दौरान पुलिस को ट्रैक से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ, जो बुरी तरह क्षत-विक्षत था। शव के हाथ-पैर और सिर धड़ से अलग-अलग पाए गए। इस भयावह स्थिति ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वरुण शर्मा ने बताया कि धमाका कम तेज था, लेकिन इससे रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि यह साफ नहीं है कि शव की मौत धमाके से हुई या किसी अन्य कारण से। पूरे मामले की जांच की जा रही है और हर एंगल से पड़ताल जारी है।
फोरेंसिक जांच जारी
घटना की सच्चाई जानने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम ने सैंपल इकट्ठा करने शुरू कर दिए हैं, जिससे यह पता लगाया जा सके कि धमाका किस प्रकार के विस्फोटक से हुआ और इसके पीछे कोई साजिश है या नहीं। इस साल जनवरी में सरहिंद में भी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के रेलवे ट्रैक पर इसी तरह का धमाका हुआ था। उस घटना में एक ट्रेन के इंजन को नुकसान पहुंचा था और लोको पायलट घायल हो गया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा घटना के बाद रेलवे और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह तोड़फोड़ का मामला है या किसी तकनीकी वजह से विस्फोट हुआ। क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और ट्रैक की निगरानी बढ़ा दी गई है।
Read More:

