देशभर में बीते दिनों से पड़ रही तीखी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। कई हिस्सों में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी है और तापमान लगातार ऊंचे स्तर पर बना हुआ है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सबसे गर्म शहरों की सूची में भारत के कई शहर शामिल हो रहे हैं। महाराष्ट्र के अकोला में तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो फिलहाल देश में सबसे ज्यादा दर्ज किया गया है। ऐसे हालात में मौसम विभाग(IMD Alert) ने लोगों को दोपहर के समय बेवजह बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने जताई बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार शाम से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिसका असर आने वाले दिनों में पूरे देश के मौसम पर पड़ेगा। इसके कारण कई राज्यों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना है। अनुमान है कि इससे तापमान में 3 से 4 डिग्री तक कमी आ सकती है जिससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। हालांकि 27 अप्रैल को उत्तर भारत में लू का असर जारी रह सकता है, लेकिन उसके बाद मौसम में बदलाव शुरू हो जाएगा।
पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में आंधी के संकेत
उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 27 अप्रैल से 3 मई के बीच हल्की बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 से 30 अप्रैल के बीच आंधी-बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
अगले पांच दिन पूर्वोत्तर के राज्यों का मौसम
पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम सक्रिय बना रहेगा। अगले पांच दिनों के दौरान असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा में कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी आंधी और बारिश के आसार हैं। मध्य और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी इस सप्ताह मौसम बदलने के संकेत हैं, जहां गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
दक्षिण भारत के कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और तेलंगाना में कुछ स्थानों पर बारिश के कारण उमस बढ़ने की संभावना है। वहीं राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश में तापमान में थोड़ी गिरावट आने के बावजूद लू का असर पूरी तरह खत्म नहीं होगा। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है कि आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।