हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चिट्टा तस्करी के एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 53.13 ग्राम हेरोइन बरामद किया गया है और दो स्थानीय आरोपियों सहित मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया गया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
यह ऑपरेशन 26 मार्च 2026 को पुलिस थाना रोहड़ू को मिली एक विश्वसनीय सूचना के आधार पर अंजाम दिया गया। सूचना थी कि गुदड़ू मोहल्ला स्थित एक दुकान में चिट्टा की खरीद-फरोख्त हो रही है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली।
मौके से दो आरोपी गिरफ्तार
तलाशी के दौरान पिन्कू राम (36) और सुनील पुहारता (24) के कब्जे से 53.13 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच में खुला बड़ा नेटवर्क
आगे की जांच में तकनीकी विश्लेषण, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और बैंक खातों की जांच के जरिए एक संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ। पुलिस को पता चला कि यह तस्करी उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी सलमान हैदर के इशारे पर चल रही थी।
मैकेनिक से बना ड्रग सप्लायर
जांच में सामने आया कि सलमान हैदर पहले रोहड़ू में मैकेनिक का काम करता था। इसी दौरान उसने स्थानीय संपर्क बनाए और बाद में ड्रग सप्लाई का नेटवर्क खड़ा कर लिया। वह पिन्कू राम को नियमित रूप से चिट्टा सप्लाई करता था, जिसे आगे युवाओं में बेचा जाता था।
मुख्य सप्लायर भी गिरफ्तार
पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित कर उत्तर प्रदेश भेजी। तकनीकी निगरानी और लगातार प्रयासों के बाद सलमान हैदर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य लिंक खंगाल रही है, ताकि सप्लाई चेन से जुड़े बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा सके। अधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जाएगा।
Read More
मुश्किलों में फंसे हरियाणवी गायक मासूम शर्मा, कॉलेज कार्यक्रम में विवादित वीडियो वायरल

