Uttam Nagar Murder Case: दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन 26 वर्षीय तरुण कुमार की हत्या के बाद हुए तनाव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। ईद से पहले इलाके में फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है, जबकि हर एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर सख्त चेकिंग की जा रही है। दिल्ली हाई कोर्ट ने भी पुलिस को ईद से लेकर राम नवमी तक अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
इलाके में सांप्रदायिक तनाव फैला
घटना की शुरुआत एक मामूली विवाद से हुई थी, जो कथित तौर पर गुब्बारे को लेकर हुआ था, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक युवक की जान चली गई और इलाके में सांप्रदायिक तनाव फैलने लगा। इस बीच सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट और धमकियां वायरल होने लगीं, जिनमें “खून की होली ईद पर खेलेंगे” जैसे संदेश शामिल थे। पुलिस की साइबर विंग ने जांच के दौरान ऐसी 128 पोस्ट की पहचान की, जिन पर कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें ब्लॉक करवाया गया।
सड़कों पर भारी पुलिस बल तैनात
इलाके में सड़कों पर भारी पुलिस बल तैनात नजर आया। दंगा नियंत्रण बल, स्थानीय पुलिस और अन्य एजेंसियां लगातार गश्त कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने माहौल शांतिपूर्ण होने का दावा किया
स्थानीय लोगों ने भी माहौल शांतिपूर्ण होने का दावा किया है। उनका कहना है कि कुछ बाहरी लोग और सोशल मीडिया के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश की गई, लेकिन यहां के पुराने निवासी हिंदू-मुस्लिम एकजुट हैं और हर साल की तरह इस बार भी ईद मिलकर मनाएंगे।
इलाके में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा
पुलिस के अनुसार इलाके में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से मजबूत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
आधार कार्ड चेकिंग के बिना एंट्री नहीं
इलाके के निवासियों ने पुलिस की तैनाती और आधार कार्ड चेकिंग को जरूरी कदम बताया। उनका कहना है कि इससे बाहरी असामाजिक तत्वों की एंट्री रोकी जा रही है। हालांकि कुछ लोगों को आर्थिक नुकसान भी हुआ है और कुछ परिवार डर के कारण इलाके से बाहर चले गए हैं, लेकिन ज्यादातर लोग अब भी अपने घरों में रहकर हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं। कुल मिलाकर, पुलिस की सख्ती और स्थानीय लोगों की समझदारी से उत्तम नगर में हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं और प्रशासन को उम्मीद है कि ईद का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होगा।
Read More:

