दिल्ली(Delhi) के बवाना इलाके में एक बार फिर गैंगवार जैसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। बाइक सवार तीन हमलावरों ने एक घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में चार लोग गोली लगने से घायल हो गए, जिनमें एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके पिता की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, एक अन्य बच्चे के पैर में भी गोली लगी है।
प्रारंभिक जांच में इस घटना को गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इसमें कुख्यात टिल्लू गैंग का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
बाइक पर सवार थे तीनों हमलावर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीन हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे। उन्होंने अपनी बाइक कुछ दूरी पर खड़ी की और पैदल मौके तक पहुंचकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। देखते ही देखते कई राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई।
पीड़ित परिवार के लोगों का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। मृतक रवि भारद्वाज को जानने वाले लोगों ने बताया कि वह एक साधारण और मेहनती युवक था, जो दुकान चलाने के साथ-साथ पशुपालन और दूध बेचकर अपना जीवनयापन करता था। परिवार का दावा है कि उसे पहले कभी किसी तरह की धमकी भी नहीं मिली थी, जिससे इस हमले की वजह समझ से परे है।
फायरिंग के बाद पुलिस को आई PCR कॉल
पुलिस के मुताबिक, 19 मार्च 2026 की शाम करीब 5:26 बजे बवाना के हरेवाली गांव से फायरिंग की सूचना पर दो PCR कॉल प्राप्त हुईं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायल रवि को पूठ खुर्द स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना में अनिल भारद्वाज, राज कुमार और एक मासूम बच्चा भी घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। फिलहाल पूरे इलाके में तनाव बना हुआ है और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।