Varanasi LPG Protest NSUI: वाराणसी में रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और कथित किल्लत के विरोध में रविवार को एक अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने नाले से निकलने वाली गैस से चाय बनाने का प्रतीकात्मक प्रयास कर महंगाई के खिलाफ विरोध जताने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन को रोक दिया, जिससे छात्रों और पुलिस के बीच बहस भी हो गई।
नाले के ऊपर टेबल रखकर लगाया गैस चूल्हा
जानकारी के अनुसार यह प्रदर्शन काशी विद्यापीठ मार्ग स्थित गेट नंबर-1 के पास किया जाना था। छात्रों ने सड़क किनारे एक नाले के ऊपर टेबल रखकर उस पर गैस चूल्हा लगाया और नाले से पाइप जोड़कर चाय बनाने की तैयारी की। उनका उद्देश्य यह दिखाना था कि जब एलपीजी गैस इतनी महंगी और मुश्किल से मिलने लगी है, तो लोग नाले की गैस से भी चूल्हा जलाने को मजबूर हो सकते हैं।
मौके पर पहले से तैनात थी पुलिस
प्रदर्शन की सूचना पहले से ही पुलिस को मिल चुकी थी, जिसके चलते सिगरा थाना क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहले से तैनात थी। पुलिस ने प्रदर्शन शुरू होते ही वहां मौजूद सामान जब्त कर लिया और दो छात्रों को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना था कि इस तरह का प्रदर्शन सड़क पर यातायात बाधित कर सकता है और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका भी थी।
कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
सिगरा थाने के इंस्पेक्टर संजय मिश्रा ने बताया कि मामले में ऋषभ पांडेय, आशीष मौर्या, रंजीत सेठ, किशन निगम, भरतलाल निगम और जतिन पटेल सहित कुछ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन के कारण ट्रैफिक प्रभावित होने की संभावना थी, इसलिए कार्रवाई की गई। वहीं किशन निगम और भरतलाल निगम का शांति भंग की धाराओं में चालान भी किया गया है।
घटना का वीडियो हुआ वायरल
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस और छात्रों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। पुलिस अधिकारियों को यह कहते सुना जा सकता है कि इस तरह के प्रदर्शन से सड़क पर यातायात बाधित हो रहा है। इसके जवाब में छात्र कहते नजर आते हैं कि वे सड़क पर नहीं बल्कि नाले के ऊपर खड़े होकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी
बहस बढ़ने के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए छात्रों को वहां से हटाया और प्रदर्शन समाप्त करा दिया। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन में इस्तेमाल किए गए उपकरण भी जब्त कर लिए। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है और वायरल वीडियो के आधार पर भी जांच की जा रही है।
Read More:

