Wednesday, February 18, 2026
HomeCurrent Newsध्वजारोहण समारोह को लेकर श्री राम मंदिर की सुरक्षा, मंदिर में VVIP...

ध्वजारोहण समारोह को लेकर श्री राम मंदिर की सुरक्षा, मंदिर में VVIP नहीं ले जा सकेंगे मोबाइल फोन

राम मंदिर की सुरक्षा और कड़ी करने के लिए ट्रस्ट और प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लिया है। ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने वाले मेहमानों को मोबाइल फोन लेकर मंदिर परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। शुरुआत में, मेहमानों को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति थी, लेकिन दिल्ली बम धमाकों के बाद, सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ाने की सिफारिश की थी। इसके बाद, ट्रस्ट और प्रशासन ने संयुक्त समीक्षा के बाद मोबाइल फोन पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया।

राम मंदिर में ध्वजारोहण समारोह 25 नवंबर को होना है। PM नरेंद्र मोदी, RSS प्रमुख मोहन भागवत, CM योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समेत आठ हज़ार मेहमान इस समारोह में शामिल होंगे। मेहमानों को भेजे गए निमंत्रण में कहा गया था कि सभी को 25 नवंबर को सुबह 8 से 10 बजे के बीच मंदिर में प्रवेश करना होगा। वे अपने साथ मोबाइल फोन ले जा सकते हैं, लेकिन अब यह फैसला बदल दिया गया है। मेहमानों को खाली हाथ आना होगा। ट्रस्ट परिसर में उनके भोजन और जलपान की व्यवस्था करेगा।

समारोह के लिए सुरक्षा एजेंसियां ​​हाई अलर्ट पर हैं। राम जन्मभूमि परिसर में अतिरिक्त मेटल डिटेक्टर, डॉग स्क्वॉड और निगरानी बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि बड़ी संख्या में लोगों के आने, बढ़ती भीड़ और देशव्यापी सतर्कता को देखते हुए यह कदम ज़रूरी था। मंदिर के चारों ओर चौबीसों घंटे निगरानी के लिए नए कैमरे, एक उच्च तकनीक वाला नियंत्रण कक्ष और अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए जा रहे हैं। प्रशासन ने सभी दर्शनार्थियों से अनुरोध किया है कि वे अपने साथ मोबाइल फ़ोन न लाएँ और मंदिर परिसर में सुरक्षा, अनुशासन और व्यवस्था सुनिश्चित करने में सहयोग करें।

तीसरी आंख से रखी जा रही नजर

ध्वजारोहण समारोह के दौरान पुलिस हर व्यक्ति की गतिविधि पर आसानी से नज़र रख सकेगी। इसके लिए यलो ज़ोन समेत कई इलाकों में CCTV कैमरों की संख्या बढ़ा दी गई है। लगभग 15,000 CCTV कैमरे हर कोने पर तीसरी आँख की निगरानी प्रदान करेंगे।

रामनगरी हमेशा से संवेदनशील रही है। राम मंदिर निर्माण के बाद से, आतंकवादी संगठन बार-बार यहाँ अशांति फैलाने की धमकियाँ देते रहे हैं। 25 नवंबर को ध्वजारोहण समारोह में PM के शामिल होने से इसकी संवेदनशीलता और बढ़ गई है। इसलिए सुरक्षा एजेंसियाँ व्यापक तैयारी कर रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था को और मज़बूत बनाने के लिए मानव शक्ति के साथ-साथ तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

इसी उद्देश्य से रामनगरी में तीसरी आँख की निगरानी बढ़ाई जा रही है। शुरुआत में, यलो ज़ोन में 280 स्थानों पर CCTV लगे थे, लेकिन अब यह संख्या बढ़ाकर लगभग 450 की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और कुछ ब्लाइंड स्पॉट की पहचान की। इन स्थानों पर नए हाई-रेज़ोल्यूशन कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगाए गए कैमरों की संख्या बढ़ाकर लगभग 15 हजार की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments