HomeBreaking Newsसावन शिवरात्रि पर आज शिवालयों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, हर तरफ...

सावन शिवरात्रि पर आज शिवालयों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, हर तरफ ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों की गूंज, मंदिरों के बाहर लगी लंबी लाइनें

Sawan Shivratri 2026: 11 अगस्त 2026 को सावन माह की शिवरात्रि का पावन पर्व मनाया जा रहा है। कांवड़ यात्रा के समापन और भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने के लिए इस दिन का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। देशभर के प्रमुख शिवालयों और ज्योतिर्लिंगों में जलाभिषेक और रुद्राभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंदिरों में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से वातावरण शिवमय हो गया है। सावन शिवरात्रि के मौके पर हरिद्वार स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर, उज्जैन के श्री महाकालेश्वर, दिल्ली के गौरी शंकर मंदिर समेत अन्य कई शिवालयों में भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक किया जा रहा है।

प्रयागराज में आस्था का सैलाब

संगम नगरी प्रयागराज के शिवालयों और गंगा घाटों पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिखाई दे रही है। प्राचीन दशाश्वमेघ घाट पर भोलेनाथ के भक्त गंगा पूजन के बाद घाट पर स्थापित शिवलिंग पर जल और पुष्प अर्पित कर रहे हैं। संगम तट हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंज रहा है। बड़ी संख्या में कांवड़िए दशाश्वमेघ घाट से गंगाजल लेकर शिवालयों की ओर रवाना हो रहे हैं।

काशी विश्वनाथ में भक्तों की कतार

सावन शिवरात्रि के अवसर पर धर्मनगरी वाराणसी में भी आस्था का जनसैलाब उमड़ा है। काशी विश्वनाथ मंदिर में सुबह से भक्तों और कांवड़ियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। प्रयागराज से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों के जत्थे लगातार काशी पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर आशीर्वाद ले रहे हैं और हर-हर महादेव व बम-बम भोले के जयकारों से पूरा माहौल गूंज रहा है।

मंगला आरती के बाद खुले दर्शन

श्रावण मास की शिवरात्रि पर बाबा विश्वनाथ की सुबह मंगला आरती संपन्न हुई। इसके बाद विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच बाबा का अभिषेक किया गया। पूजा-अर्चना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए बाबा विश्वनाथ के दर्शन खोल दिए गए। दर्शन के लिए सुबह से ही लंबी कतारें लगी हैं। मंदिर प्रशासन के अनुसार, सोमवार की तुलना में मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक रही।

यूपी के दूसरे शिवालयों में भी भीड़

उत्तर प्रदेश के प्रमुख शिवालयों में भी सुबह से भक्तों का तांता लगा हुआ है। प्रयागराज के श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालु कतारों में खड़े होकर दर्शन कर रहे हैं। मंदिर परिसर में विशेष रुद्राभिषेक और मंत्रोच्चार के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की जा रही है। बुलंदशहर के अंबिकेश्वर महादेव मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। वहीं, बागपत के ऐतिहासिक पुरा महादेव मंदिर में दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन किए और गंगाजल से अभिषेक किया।

देशभर के शिवालयों में जलाभिषेक

सावन शिवरात्रि के मौके पर हरिद्वार के दक्षेश्वर महादेव मंदिर, उज्जैन के श्री महाकालेश्वर, दिल्ली के गौरी शंकर मंदिर समेत देश के कई अन्य शिवालयों में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और विशेष जलाभिषेक कर रहे हैं। मंदिर परिसरों में लगातार पूजा-अर्चना और जयकारों का दौर जारी है।

Read More:

आज झमाझम बारिश का अलर्ट! दिल्ली से राजस्थान और MP तक बरसेंगे बादल, जानें आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम?

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments