Pune Gas Cylinder Blast: महाराष्ट्र के पुणे के खांडवे नगर इलाके में एक बड़ा हादसा हो गया। दरअसल, यहां शुक्रवार सुबह एलपीजी गैस सिलेंडर में रिसाव के कारण विस्फोट हो गया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह हुए गैस रिसाव और उसके बाद हुए विस्फोट ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया। हादसे में पहले 35 वर्षीय युवक की जान गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे उसके माता-पिता ने बाद में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सुबह 9:15 बजे हुआ जोरदार धमाका
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 9 बजकर 15 मिनट पर खांडवे नगर स्थित एक ग्राउंड प्लस वन मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर स्थित फ्लैट में आग लगने और सिलेंडर विस्फोट की सूचना दमकल विभाग को मिली। सूचना मिलते ही खराड़ी, धानोरी और येरवडा अग्निशमन केंद्रों से तीन दमकल गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं।
मौके पर पहुंची दमकल विभाग के गाड़ियां
मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने देखा कि फ्लैट के अंदर आग तेजी से फैल चुकी थी। फायर ब्रिगेड की टीम ने होज रील के जरिए पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पाया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि आग को समय रहते अन्य फ्लैटों तक फैलने से रोक लिया गया।
एक ही परिवार के 3 सदस्यों की गई जान
इस हादसे में 60 वर्षीय विष्णु गीते, 50 वर्षीय रुंदीवनिका गीते और उनके 35 वर्षीय बेटे पांडुरंग गीते गंभीर रूप से झुलस गए थे। पांडुरंग गीते की मौत आग में झुलसने के कारण पहले ही हो गई थी। वहीं, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराए गए उनके माता-पिता ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से इलाके में शोक की लहर है।
शुरुआती जांच में सामने आई वजह
प्राथमिक जांच में पता चला है कि घर में पुराना एलपीजी सिलेंडर खत्म होने के बाद नया सिलेंडर लगाया जा रहा था। इसी दौरान गैस का रिसाव शुरू हो गया। आशंका है कि गैस पूरे फ्लैट में फैलने के बाद किसी स्रोत से संपर्क में आने पर जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे आग लग गई और पूरा घर चपेट में आ गया।
फ्लैट को हुआ भारी नुकसान
विस्फोट और आग के कारण फ्लैट का हॉल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। घर में रखा फर्नीचर, टीवी और इलेक्ट्रिकल वायरिंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बाथरूम और टॉयलेट के दरवाजों के साथ गीजर भी आग की चपेट में आ गया। रसोई में रखा फ्रिज और अन्य घरेलू सामान भी नुकसानग्रस्त हो गया। धुएं की वजह से पूरे फ्लैट की दीवारें काली पड़ गई हैं।
हादसे के कारणों की जांच जारी
फिलहाल दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां हादसे की विस्तृत जांच कर रही हैं। शुरुआती जांच गैस रिसाव की ओर इशारा कर रही है, जबकि अधिकारियों द्वारा घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
Read More:

