HomeBreaking Newsजुलाई के पहले दिन मिली खुशखबरी! आज से सस्‍ता हो गया कमर्शियल...

जुलाई के पहले दिन मिली खुशखबरी! आज से सस्‍ता हो गया कमर्शियल LPG सिलेंडर, जानिए आपके शहर में क्या हैं नए रेट?

LPG Cylinder Price Cut: जुलाई महीने की शुरुआत हो चुकी है और पहले ही दिन आम लोगों और कारोबारियों को बड़ी खुशखबरी मिल गई है। दरअसल, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 1 जुलाई से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती कर दी है। नई दरें आज से लागू हो गई हैं। हालांकि, घरेलू रसोई में इस्तेमाल होने वाले 14 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस बार भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।

दिल्ली में सस्ता हुआ कमर्शियल सिलेंडर

नई कीमतों के अनुसार, दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर, जो पहले ₹3,113.50 में मिल रहा था, अब ₹183.50 सस्ता होकर ₹2,930 का हो गया है। यह साल 2026 में पहली बार है, जब ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम घटाए हैं। इससे पहले पूरे साल इसकी कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली थी।

लगातार बढ़ रहे थे सिलेंडर के दाम

साल 2026 की शुरुआत में जनवरी महीने में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत ₹1,691 प्रति सिलेंडर थी। इसके बाद लगभग हर महीने कीमतों में बढ़ोतरी होती रही। बीते दो महीनों में इसमें सबसे तेज उछाल दर्ज किया गया। मई में सिलेंडर की कीमत करीब ₹993 बढ़कर पहली बार ₹3,000 के पार पहुंच गई थी। इसके बाद जून की शुरुआत में भी ₹42 की बढ़ोतरी हुई, जिससे दिल्ली में इसकी कीमत ₹3,113.50 तक पहुंच गई थी। अब जुलाई की शुरुआत में इसमें ₹183.50 की राहत दी गई है।

कोलकाता, लखनऊ और पटना में भी बदले रेट

राजधानी दिल्ली के अलावा अन्य शहरों में भी 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कमी की गई है। कोलकाता में इसकी कीमत ₹3,255.50 से घटकर ₹3,081.50 हो गई है। वहीं उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अब यह सिलेंडर ₹3,052.50 में मिलेगा। बिहार की राजधानी पटना में इसकी नई कीमत ₹3,227 तय की गई है। ये सभी नई दरें 1 जुलाई से लागू हो चुकी हैं।

घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में नहीं हुआ बदलाव

जहां एक ओर कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती कर कारोबारियों को राहत दी गई है, वहीं घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 14 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमतें पहले जैसी ही रखी गई हैं। दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर ₹942, कोलकाता में ₹968, मुंबई में ₹941.50 और चेन्नई में ₹957.50 में मिलता रहेगा। यानी इस बार घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।

Read More:

LPG हुआ सस्ता, पासपोर्ट महंगा, आधार अपडेट फ्री… आज से बदल गए ये बड़े नियम, हर जेब पर पड़ेगा असर!

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments