गाजियाबाद(Ghaziabad)-नई दिल्ली रेल मार्ग पर तड़के मंगलवार के दिन एक खतरनाक हादसा हुआ जिसमें एक मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतर गए जिसके चलते रेल संचालन पर गहरा असर देखने को मिला है। यह घटना साहिबाबाद रेलवे स्टेशन से करीब 400 मीटर पहले हुई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली लेकिन ट्रैक बाधित होने से बड़ी संख्या में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, हादसा रात करीब दो बजे हुआ। जिन डिब्बों के पटरी से उतरने की सूचना है उनमें कोयला लदा था। भारी वजन के कारण डिब्बों को हटाने और ट्रैक को सामान्य करने का काम चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। रेलवे की तकनीकी टीम, इंजीनियर और क्रेन की मदद से बहाली कार्य लगातार जारी है। अधिकारियों का कहना है कि रेल सेवाएं जल्द से जल्द सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
53 ट्रेनों पर पड़ा असर
दुर्घटना के बाद कुल 53 ट्रेनों के संचालन में बदलाव करना पड़ा। इनमें 24 ट्रेनों का मार्ग बदला गया है जबकि 16 पैसेंजर ट्रेनें पूरी तरह रद्द कर दी गई हैं। इसके अलावा पांच ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है और आठ ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर नियंत्रित किया गया। इससे आनंद विहार सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर भी रेल सेवाएं प्रभावित हुईं।
यात्रियों को हुई भारी परेशानी
दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के बीच हर दिन हजारों लोग ईएमयू और लोकल ट्रेनों के जरिए अपने दफ्तर और अन्य कार्यस्थलों तक पहुंचते हैं। रेल सेवाएं बाधित होने के चलते मंगलवार सुबह कई स्टेशनों पर यात्रियों की लंबी कतारें और भारी भीड़ देखने को मिली। इसके साथ ही कई ट्रेनों के रद्द होने और कुछ के देरी से चलने की वजह से लोगों को बस, मेट्रो और निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा।
यात्रियों ने बताया कि अचानक आई इस समस्या से वे समय पर अपने कार्यालय नहीं पहुंच सके। वहीं, कई लोगों ने आशंका जताई कि देर से पहुंचने के कारण उनकी सैलरी कट सकती है और उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है।
अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही मंडल रेल प्रबंधक (DRM), अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेलवे की इंजीनियरिंग टीम ट्रैक की मरम्मत और डिब्बों को हटाने में जुटी है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।