Kota Road Accident: राजस्थान के कोटा जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। हादसा कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास हुआ। यहां खाटू श्यामजी के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
ट्रक में पीछे से जा टकराई क्रूजर
जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र का एक परिवार खाटू श्यामजी मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रात करीब एक बजे नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास उनकी क्रूजर गाड़ी अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई लोग अंदर ही फंस गए।
काफी मशक्कत के बाद निकाले गए घायल
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद नौ लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि छह घायलों का उपचार जारी है।
चालक को नींद की झपकी आने की आशंका
हादसे की सूचना मिलने पर कोटा सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम भी घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण क्रूजर अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। हालांकि, हादसे की असली वजह का पता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
तीन गाड़ियों में सवार होकर दर्शन करने गया था परिवार
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के एक ही परिवार और उनके रिश्तेदारों समेत कुल 35 लोग खाटू श्यामजी के दर्शन करने गए थे। सभी लोग तीन अलग-अलग गाड़ियों में सवार होकर यात्रा पर निकले थे। शनिवार को दर्शन करने के बाद परिवार वापस लौट रहा था। इसी दौरान क्रूजर में सवार लोगों के साथ यह दर्दनाक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त क्रूजर में करीब 14 से 15 लोग सवार थे।
एक हादसे ने उजाड़ दिया पूरा परिवार
खाटू श्यामजी के दर्शन कर खुशी-खुशी घर लौट रहे परिवार की यात्रा रास्ते में ही मातम में बदल गई। हादसे में नौ लोगों की मौत से परिवार और रिश्तेदारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। महाराष्ट्र में भी इस घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और परिचितों के बीच शोक की लहर है।
Read More:

