GTA 6 को लेकर गेमर्स के बीच काफी उत्साह है। लंबे इंतजार के बाद गेम की लॉन्चिंग ने खिलाड़ियों को बड़ी खुशखबरी दी है लेकिन साइबर अपराधी इसी लोकप्रियता का फायदा उठाने में जुटे हैं। इंटरनेट और सोशल मीडिया पर GTA 6 के नाम से कई फर्जी वेबसाइट्स, डाउनलोड लिंक और आकर्षक ऑफर सामने आ रहे हैं। कहीं गेम की सस्ती कॉपी देने का दावा किया जा रहा है, तो कहीं फ्री रिवॉर्ड और क्रिप्टो टोकन का लालच दिया जा रहा है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही आपकी निजी जानकारी और बैंक से जुड़ी जानकारी खतरे में डाल सकती है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, GTA 6 के नाम पर हजारों क्रिप्टो टोकन बनाए गए हैं, जिनमें कई संदिग्ध और फर्जी पाए गए। इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर 100 से ज्यादा अकाउंट्स से 451 पोस्ट साझा की गईं, जिनमें नकली वेबसाइट और ऐप के लिंक मौजूद थे। ठग PlayStation Store जैसी दिखने वाली वेबसाइट बनाकर गेम के अलग-अलग एडिशन बेचने का दावा कर रहे हैं। कुछ वेबसाइट्स खरीदारी के नाम पर यूजर्स से क्रिप्टो वॉलेट कनेक्ट करने को कहती हैं। ऐसा करने पर डिजिटल करेंसी चोरी होने का खतरा रहता है।
फ्री गेम कोड और PC डाउनलोड से रहें सावधान
सोशल मीडिया पर GTA 6 के फ्री कोड, डिस्काउंट और इनाम देने वाले कई ऑफर दिखाई दे रहे हैं। इनके लिंक पर क्लिक करने से यूजर फर्जी वेबसाइट तक पहुंच सकता है। कुछ वेबसाइट्स Google के लॉगिन पेज जैसी दिखती हैं और ईमेल आईडी व पासवर्ड मांगती हैं।
वहीं, GTA 6 के नाम पर मिलने वाली फर्जी PC डाउनलोड फाइल और Android APK भी खतरनाक हो सकती हैं। इनसे डिवाइस में अनचाहे या नुकसान पहुंचाने वाले ऐप इंस्टॉल हो सकते हैं।
गेमर्स इन 5 बातों का रखें ध्यान
-
ऑफिशियल स्टोर से खरीदें: गेम के लिए PlayStation Store, Xbox Store या अधिकृत विक्रेता का ही इस्तेमाल करें।
-
फ्री ऑफर से बचें: अनजान लिंक पर मिलने वाले मुफ्त कोड और रिवॉर्ड के लालच में न आएं।
-
क्रिप्टो वॉलेट सुरक्षित रखें: किसी अनजान वेबसाइट से अपना वॉलेट कनेक्ट न करें।
-
URL जरूर जांचें: लॉगिन या पेमेंट करने से पहले वेबसाइट का पता ध्यान से देखें।
-
अनजान फाइल डाउनलोड न करें: GTA 6 के नाम पर मिलने वाली संदिग्ध PC फाइल और APK इंस्टॉल करने से बचें।

