उत्तर प्रदेश के हरदोई(Hardoi) जिले में एक घर के अंदर संदिग्ध हैंड ग्रेनेड मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के जोधनपुरवा गांव का है। विस्फोटक जैसी वस्तु गांव के रहने वाले सतीश के घर में पॉलीथिन के अंदर मिली। इसे देखकर परिवार के साथ-साथ आसपास के लोगों में भी डर का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक, रात के समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने सतीश के घर के अंदर पॉलीथिन फेंकी थी।
परिवार ने उसे सामान्य सामान समझ लिया और घर से बाहर कर दिया। सुबह जब पैकेट खोला गया तो उसमें संदिग्ध हैंड ग्रेनेड जैसी वस्तु दिखाई दी। इसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम करीब 10 मिनट के भीतर गांव पहुंच गई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। चिंता की बात यह रही कि कुछ लोग खतरे की गंभीरता से अनजान होकर संदिग्ध वस्तु के आसपास पहुंचने लगे।
बम निरोधक दस्ते ने संभाला मोर्चा
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को संदिग्ध वस्तु से दूर रहने की चेतावनी दी और इलाके को सुरक्षित करने की प्रक्रिया शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर वस्तु की जांच शुरू कर दी और उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की कार्रवाई में जुट गई।
किसने फेंका हैंड ग्रेनेड? जांच जारी
सीओ प्रवीण कुमार यादव के मुताबिक, पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि हैंड ग्रेनेड घर के अंदर कैसे पहुंचा और इसे वहां किसने फेंका। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों की ओर से सामने आए आरोपों और पुरानी रंजिश के पहलू को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड को भी दी गई है। उसकी टीम हरपालपुर कोतवाली पहुंच चुकी है जहां संदिग्ध हैंड ग्रेनेड को सुरक्षित रखा गया है। फिलहाल पुलिस और संबंधित टीमें मामले की जांच के साथ विस्फोटक की प्रकृति और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं।