दिनांक 22 अगस्त 2026 की रात करीब 12:15 बजे थाना खोड़ा क्षेत्र(Ghaziabad) के लोकप्रिय विहार (गली नंबर 3) से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सूचना मिली कि राजा अंसारी नामक व्यक्ति ने अपने ही घर में अपनी पत्नी और बेटियों पर जोरदार हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मूल रूप से बिहार के अररिया जिले का रहने वाला राजा अंसारी अपनी पत्नी बीबी तबस्सुम और दो बेटियों 15 वर्षीय सना तबस्सुम और 14 वर्षीय रूबी तबस्सुम के साथ लोकप्रिय विहार में एक मकान के चौथे माले पर किराए पर रहता था। बीती रात किसी बात पर हुए विवाद के चलते राजा अंसारी ने अपनी पत्नी बीबी तबस्सुम और बड़ी बेटी सना तबस्सुम की बेरहमी से हत्या कर दी। इस हमले में उसकी छोटी बेटी रूबी तबस्सुम भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल दूसरी बेटी का इलाज जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कदम उठाया और घायल रूबी तबस्सुम को फौरन इलाज के लिए एमजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण अब उसकी जान खतरे से बाहर है और उसकी हालत स्थिर है।
पुलिस ने दोनों मृतकों (पत्नी और बेटी) के शवों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया यानी पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी राजा अंसारी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि इस खौफनाक कदम के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके। पुलिस द्वारा इस मामले में सभी जरूरी वैधानिक कदम उठाए जा रहे हैं।