पंजाब के मोहाली(Mohali) जिले के ऐतिहासिक गांव घड़ूंआं में उस वक्त सनसनी फैल गई। जब एक निर्माण कार्य के दौरान जमीन के भीतर से चांदी के पुराने सिक्कों से भरा मिट्टी का बर्तन (कुज्जा) बरामद हुआ। इस प्राचीन खजाने के मिलने की खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई जिसके बाद रातभर गांव में गहमागहमी का माहौल रहा।
यह पूरी घटना पुराने पंचायत घर की जगह पर बनाई जा रही नई आधुनिक लाइब्रेरी के निर्माण स्थल की है। मजदूर जब नींव खोद रहे थे तब अचानक उन्हें मिट्टी के अंदर दबा हुआ एक पुराना बर्तन मिला। जब उसे खोला गया तो वह प्राचीन चांदी के सिक्कों से भरा हुआ था। शुरुआती तौर पर देखने पर इन सिक्कों पर उर्दू भाषा में कुछ लिखा हुआ पाया गया है जो किसी पुराने दौर या रियासत के समय के हो सकते हैं।
रात के अंधेरे में टॉर्च लेकर पहुंचे ग्रामीण
वार्ड पार्षद शेर सिंह के मुताबिक, जैसे ही ग्रामीणों को खजाना मिलने की बात पता चली, मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। अंधेरा होने के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और कई लोग टॉर्च तथा मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर जमीन में और सिक्के तलाशने लगे। इस अफरा-तफरी के बीच कुछ लोग मौके से सिक्के लेकर भी निकल गए। स्थिति को बिगड़ता देख तुरंत पुलिस को बुलाया गया जिसने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और पूरे इलाके को अपने कब्जे में ले लिया।
प्रशासन ने की सख्त कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पंचायत घड़ूंआं के कार्यसाधक अधिकारी (EO) रवि जिंदल ने तुरंत एक्शन लिया। प्रशासन ने एक विशेष टीम का गठन किया है जो बचे हुए अवशेषों और सिक्कों को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज करेगी।
इतिहासकारों के अनुसार, घड़ूंआं गांव का इतिहास बहुत पुराना है। यहाँ स्थित प्रसिद्ध ‘पांडव सरोवर’ का संबंध महाभारत काल से माना जाता है, जहाँ पांडवों ने अपने अज्ञातवास का कुछ समय बिताया था। इस प्राचीन खजाने के मिलने से इस ऐतिहासिक क्षेत्र के पुरातात्विक महत्व को लेकर लोगों की उत्सुकता और अधिक बढ़ गई है।