UP Cabinet Meeting: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की अहम कैबिनेट बैठक मंगलवार सुबह 10:30 बजे मुख्यमंत्री आवास पर होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में 20 से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा और मंजूरी की संभावना है। इनमें आधारभूत ढांचे, प्रशासन और विभिन्न विभागों से जुड़े कई अहम प्रस्ताव शामिल हैं।
दो नए एक्सप्रेसवे को मिल सकती है मंजूरी
बैठक में प्रदेश के सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए दो नए एक्सप्रेसवे परियोजनाओं को मंजूरी मिल सकती है। पहला 330 किलोमीटर लंबा प्रयागराज-सोनभद्र एक्सप्रेसवे होगा। दूसरा विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे होगा, जिसकी लंबाई 117 किलोमीटर प्रस्तावित है और इसे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे तथा अन्य परियोजनाओं के ईपीसी मोड में निर्माण के लिए विकासकर्ता के चयन संबंधी प्रस्ताव पर भी फैसला लिया जा सकता है।
कई विभागों के प्रस्तावों पर होगा फैसला
कैबिनेट बैठक में महिला कल्याण, सचिवालय प्रशासन, गृह विभाग, उच्च शिक्षा, राज्यकर, परिवहन, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन तथा सहकारिता विभाग से जुड़े प्रस्ताव भी रखे जाएंगे। इन प्रस्तावों पर चर्चा के बाद सरकार अहम नीतिगत फैसले ले सकती है।
मानसून सत्र बुलाने पर भी हो सकता है निर्णय
बैठक में उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र बुलाने के प्रस्ताव पर भी फैसला होने की संभावना है। माना जा रहा है कि विधानसभा का मानसून सत्र अगस्त के पहले सप्ताह में आयोजित किया जा सकता है, जिसमें राज्य सरकार अपने लंबित विधायी कार्यों को पूरा करेगी।
हंगामेदार रहने के आसार
आगामी मानसून सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक टकराव की संभावना जताई जा रही है। विपक्ष राम मंदिर चढ़ावा चोरी समेत कई मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। ऐसे में कैबिनेट बैठक में सत्र की रणनीति पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।
Read More:

