भारतीय खुफिया एजेंसियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता मिली है। पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) से मिली जानकारी के आधार पर स्पेन की सुरक्षा एजेंसियों ने कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों को मैड्रिड से हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार, वह विदेश में रहकर पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली-NCR और अन्य राज्यों में आपराधिक नेटवर्क संचालित कर रहा था।
चंडीगढ़ हत्याकांड का बताया जा रहा मास्टरमाइंड
जांच एजेंसियों के मुताबिक, गोल्डी ढिल्लों 13 जून 2026 को चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल हॉल के कैशियर जानकी दास की हत्या की साजिश का मुख्य आरोपी है। इस वारदात के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी तलाश तेज कर दी थी। बताया जाता है कि हत्या की जिम्मेदारी भी उसी के गिरोह ने ली थी।
भारत प्रत्यर्पण की प्रक्रिया हो सकती है शुरू
स्पेन में हिरासत के बाद अब गोल्डी ढिल्लों को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, चंडीगढ़ पुलिस हत्या के मामले में उससे पूछताछ के लिए प्रोडक्शन वारंट भी ले सकती है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने गोल्डी ढिल्लों पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया हुआ है।
गोल्डी ढिल्लों मूल रूप से पंजाब के राजपुरा का रहने वाला है। शुरुआती दौर में उसके खिलाफ मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हुए थे। बाद में वह रंगदारी, अवैध हथियारों और संगठित अपराध की गतिविधियों में सक्रिय हो गया। वर्ष 2022 में भारत छोड़ने के बाद उसने विदेश से अपना गैंग ऑपरेट करना शुरू कर दिया।
विदेश बैठकर चला रहा था रंगदारी का नेटवर्क
जांच एजेंसियों का दावा है कि गोल्डी ढिल्लों विदेश से कारोबारियों को धमकी देकर रंगदारी मांगता था। उसके नेटवर्क का विस्तार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली-एनसीआर तक बताया जा रहा है। इसके अलावा कनाडा में हुई कुछ फायरिंग की घटनाओं में भी उसका नाम जांच के दौरान सामने आया है।
Read More
‘एनर्जी ड्रिंक्स’ बनाने वाली कंपनियों पर FSSAI का शिकंजा, रेड बुल, स्टिंग, मॉन्स्टर, कैंपा सहित कई कंपनियों को नोटिस जारी