पंजाब में CM भगवंत सिंह मान के कथित वायरल वीडियो को लेकर सियासी माहौल लगातार गर्म बना हुआ है। आम आदमी पार्टी (आप) ने इस मामले में शिरोमणि अकाली दल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) से मुलाकात कर कथित फर्जी वीडियो के मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मीडिया से बातचीत में CM मान ने क्या कहा ?
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान(CM Bhagwant Singh Mann) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि उन्हें बदनाम करने के लिए सुनियोजित तरीके से झूठी चीजें फैलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे जनहित के कार्यों और विकास योजनाओं से राजनीतिक विरोधी असहज हैं इसलिए उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
CM मान ने आरोप लगाया कि चुनावी माहौल को देखते हुए उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस जैसे अन्य दल लगातार सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन जनता सच्चाई को समझती है।
वीडियो को लेकर CM मान ने रखा अपना पक्ष
CM मान ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि वायरल किया जा रहा वीडियो उनसे संबंधित नहीं है। उनका कहना है कि वीडियो को लेकर कई तरह की भ्रामक बातें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने संबंधित जांच रिपोर्ट पुलिस अधिकारियों को सौंपते हुए पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है।
CM मान ने यह भी सवाल उठाया कि जिस स्थान को लेकर दावा किया जा रहा है वहां मौजूद परिस्थितियां और दृश्य कई संदेह पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि जांच के माध्यम से पूरे मामले की वास्तविकता सामने आनी चाहिए ताकि जनता के बीच फैली भ्रम की स्थिति समाप्त हो सके।
अरविंद केजरीवाल ने भी किया समर्थन
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी मुख्यमंत्री का समर्थन करते हुए कहा कि विरोधी दल राजनीतिक लाभ के लिए झूठे आरोपों का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की वजह से विपक्ष दबाव में है और इसी कारण इस तरह के विवाद पैदा किए जा रहे हैं।
निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
CM मान ने वायरल वीडियो को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि इसे होटल के कमरे में रिकॉर्ड किया गया है और वहां धार्मिक तस्वीरें रखे जाने के दावे पर जांच की जरूरत है। उन्होंने बताया कि इस मामले में डीजीपी से भेंट करके मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है। मान ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ राजनीतिक साजिश के तहत धर्म का इस्तेमाल किया जा रहा है।
CM मान ने अपने बयान में कुछ धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक पदों पर बैठे लोगों की प्राथमिक निष्ठा समाज और मूल सिद्धांतों के प्रति होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक प्रभाव में आकर बयानबाजी कर रहे हैं जिससे अनावश्यक विवाद पैदा हो रहे हैं।