उत्तर प्रदेश के शामली(Shamli) जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे क्षेत्र में चर्चा छेड़ दी है। आरोप है कि एक प्रतिष्ठित दवा कारोबारी के बेटे को एक महिला जिम ट्रेनर ने पहले प्रेम संबंधों में उलझाया और बाद में उसका धर्म परिवर्तन कराकर निकाह किया। मामले में पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला और उसके पिता को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उनके बेटे आयुष मलिक जो एक दवा व्यापारी के परिवार से हैं को सुनियोजित तरीके से इस संबंध में फंसाया गया। परिवार का दावा है कि लगभग पांच साल पहले आयुष की मुलाकात चांदनी कुरैशी नामक युवती से हुई थी जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं। परिजनों के मुताबिक, शुरुआत में यह संबंध सामान्य था लेकिन बाद में इसे दबाव और कथित ब्लैकमेलिंग में बदल दिया गया।
ब्लैकमेलिंग और धर्म परिवर्तन के आरोप
परिवार का आरोप है कि युवती और उसके सहयोगियों ने युवक को मानसिक दबाव में लेकर उसे प्रभावित किया। आरोप यह भी है कि उसे धीरे-धीरे धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया गया और बाद में उसे दिल्ली ले जाकर निकाह कराया गया।
परिजनों का यह भी कहना है कि इस प्रक्रिया के दौरान युवक पर दबाव बनाया गया और उसे धार्मिक रीति-रिवाज अपनाने के लिए मजबूर किया गया। हालांकि इन आरोपों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
समय के साथ बदला रहन-सहन
परिवार का आरोप है कि उसने उनके बेटे को कुछ विशेष धार्मिक वीडियो देखने के लिए प्रेरित किया गया जिसके बाद उसके व्यवहार और जीवनशैली में बदलाव देखने को मिला। परिजनों ने यह भी कहा कि समय के साथ युवक का रहन-सहन और पहनावा बदलने लगा जिससे परिवार में चिंता बढ़ गई थी।
मामले की जांच जारी
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चांदनी कुरैशी और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच के आधार पर यह कदम उठाया गया है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की विस्तृत जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अमृतसर(Amritsar) कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय अवैध हथियार तस्करी और हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।...