Bank Holiday Next Week: अगर आप अगले हफ्ते बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाने की योजना बना रहे हैं, तो पहले यह खबर जरूर पढ़ लें। 13 अप्रैल से शुरू होने वाले सप्ताह में देश के अलग-अलग हिस्सों में कुल 5 दिन बैंक बंद रहने वाले हैं। इन छुट्टियों में अंबेडकर जयंती, बैसाखी, तमिल नव वर्ष और बंगाली नव वर्ष जैसे प्रमुख पर्व शामिल हैं। इस दौरान रविवार का साप्ताहिक अवकाश भी शामिल रहेगा, जिससे कई दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि, महीने का तीसरा शनिवार होने के कारण 19 अप्रैल से पहले वाला शनिवार देशभर में बैंक खुले रहेंगे।
कब-कब और कहां बंद रहेंगे बैंक?
13 अप्रैल को बैसाखी और बिहू के अवसर पर पंजाब, हरियाणा, असम समेत कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती, तमिल नव वर्ष और विशु के कारण लगभग पूरे देश में बैंकिंग सेवाएं ठप रहेंगी। यह दिन राष्ट्रीय अवकाश भी है, इसलिए स्कूल-कॉलेज और सरकारी दफ्तर भी बंद रहेंगे। 15 अप्रैल को पोहेला बोइशाख यानी बंगाली नव वर्ष के चलते पश्चिम बंगाल, असम, त्रिपुरा और हिमाचल प्रदेश में बैंक बंद रहेंगे। इसके अगले दिन 16 अप्रैल को बोहाग बिहू के कारण असम में बैंकिंग सेवाएं नहीं मिलेंगी। वहीं 19 अप्रैल को रविवार होने की वजह से देशभर में बैंक बंद रहेंगे।
RBI के नियमों के अनुसार तय होती हैं छुट्टियां
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) बैंक छुट्टियों को तीन श्रेणियों में विभाजित करता है, जिनमें नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, RTGS छुट्टियां और अकाउंट क्लोजिंग दिवस शामिल हैं। अलग-अलग राज्यों में छुट्टियां स्थानीय त्योहारों और परंपराओं के आधार पर तय होती हैं, जबकि राष्ट्रीय पर्वों पर पूरे देश में बैंक बंद रहते हैं। सामान्य तौर पर, हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को भी बैंक बंद रहते हैं, जबकि पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को कामकाज होता है।
छुट्टियों में भी मिलेंगी ये सुविधाएं
बैंक बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है। ऑनलाइन बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और ATM सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी। ग्राहक इन माध्यमों से पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं, बैलेंस चेक कर सकते हैं, कैश निकाल सकते हैं और अन्य जरूरी काम भी आसानी से निपटा सकते हैं।
Read More:

