HomeBreaking Newsक्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली में ISI लिंक वाला हथियार तस्करी...

क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली में ISI लिंक वाला हथियार तस्करी गिरोह बेनकाब, 2 आरोपी गिरफ्तार

Delhi Arms Smuggling: दिल्ली क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। इस मामले में दो आरोपियों, इमरान (37) और मोहम्मद कामरान (27), को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह थाईलैंड और नेपाल के रास्ते भारत में अवैध हथियारों की सप्लाई करता था।

थाईलैंड-नेपाल के जरिए भारत में पहुंचते थे हथियार

जांच में सामने आया है कि यह मॉड्यूल विदेशी नेटवर्क के जरिए हथियारों को पहले थाईलैंड भेजता था, वहां से नेपाल के रास्ते भारत में तस्करी की जाती थी। इस पूरे नेटवर्क का मकसद देश की आंतरिक सुरक्षा को कमजोर करना और आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देना था। खुफिया एजेंसियों को इनपुट मिले थे कि इन हथियारों का इस्तेमाल बड़े आतंकी हमलों में किया जा सकता है। विशेष रूप से धार्मिक आयोजनों, त्योहारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाने की साजिश रची जा रही थी।

लुकआउट सर्कुलर के आधार पर हुई गिरफ्तारी

दोनों आरोपियों को आईजीआई एयरपोर्ट पर लुकआउट सर्कुलर के आधार पर रोका गया। पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, ये दोनों कुख्यात तस्कर शाहबाज अंसारी के करीबी सहयोगी हैं और पिछले एक साल से इस नेटवर्क में सक्रिय थे। इमरान के पास से 0.30 बोर की चीन निर्मित पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद हुए, जबकि कामरान के पास से 0.32 बोर का रिवॉल्वर और 6 कारतूस मिले हैं।

अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच के डीसीपी संजीव कुमार यादव के अनुसार, इस मामले की जांच 14 मार्च को दर्ज केस के बाद शुरू हुई थी। अब तक इस गिरोह से जुड़े कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने इनके कब्जे से 23 विदेशी हथियार और 211 कारतूस बरामद किए हैं।

मॉडिफाइड कार में छिपाए जाते थे हथियार

पुलिस को आरोपियों के पास से एक मॉडिफाइड कार भी मिली है, जिसमें बेहद चालाकी से गुप्त खांचे बनाए गए थे। इन छिपे हुए हिस्सों में हथियार रखकर देश के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई की जाती थी, जिससे जांच एजेंसियों को चकमा दिया जा सके। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों और विदेशी कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही है। इस कार्रवाई को देश की सुरक्षा के लिहाज से बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Read More:

जन्म से ही एक्टिंग के ‘धुरंधर’ होते हैं ये 6 राशि वाले लोग, छोटेपन से ही मिलती है अटेंशन, आमिर से शाहरुख तक कई बड़े स्टार्स इसमें शामिल

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments