भिलाई स्टील प्लांट(Chhattisgarh) के पावर प्लांट-2 में मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे एक जोरदार ब्लास्ट के बाद भीषण आग फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह हादसा टर्बाइन सेक्शन में हुआ, और इसके तुरंत बाद आग तेजी से फैल गई, जिससे पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया। घटना के समय प्लांट के अंदर मौजूद कर्मचारी सुरक्षित स्थान की ओर भागे और पीछे के रास्तों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। जैसे ही हादसे की सूचना मिली, फायर ब्रिगेड की 6 से अधिक गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। साथ ही संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मेहनत और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या कहा ?
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टर्बाइन में अचानक तेज धमाके के साथ आग की लपटें उठीं, और कुछ ही मिनटों में पावर प्लांट का बड़ा हिस्सा धुएं से भर गया। आसमान में दूर तक आग और धुएं की लपटें दिखाई दीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे में 7 से अधिक भिलाई स्टील प्लांट कर्मी घायल हुए हैं। दो कर्मचारी और तीन ठेका श्रमिक हल्की चोटों के साथ सुरक्षित हैं, जबकि एक कर्मचारी के पैर में फ्रैक्चर की खबर है। सभी घायलों को सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों को घटनास्थल पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया था।
प्लांट प्रबंधन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और कहा है कि आग फैलने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस बीच राहत और बचाव कार्य पूरी तरह सक्रिय है, और प्रभावित कर्मचारियों की मदद के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।