ऑनलाइन खाना मंगाना अब पहले से महंगा पड़ने वाला है, क्योंकि Zomato ने अपनी प्लेटफॉर्म फीस में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने इस शुल्क में करीब 19% का इजाफा किया है, जिसके बाद फीस 12.50 रुपये से बढ़कर 14.90 रुपये प्रति ऑर्डर हो गई है। नई दरें 20 मार्च से लागू कर दी गई हैं। यानी अब ग्राहकों को खाने की कीमत, डिलीवरी चार्ज और GST के अलावा यह अतिरिक्त शुल्क भी देना होगा।
इस बढ़ोतरी के पीछे वैश्विक हालात को भी एक वजह माना जा रहा है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण गैस सप्लाई प्रभावित हुई है, जिससे देश में एलपीजी की उपलब्धता पर असर पड़ा है। इसी के चलते सरकार ने घरेलू उपयोग के लिए गैस आपूर्ति बढ़ाने के कदम उठाए हैं। इन परिस्थितियों के बीच कंपनियों की लागत बढ़ने का असर अब ग्राहकों पर भी दिखाई दे रहा है।
प्लेटफॉर्म फीस में 2.40 रुपये की हुई बढ़ोतरी
प्लेटफॉर्म फीस में 2.40 रुपये की इस बढ़ोतरी से कंपनी की कमाई में बड़ा उछाल आने वाला है। आंकड़ों के मुताबिक, Zomato को रोजाना औसतन 20 लाख ऑर्डर मिलते हैं। ऐसे में हर ऑर्डर पर बढ़ी हुई फीस के कारण कंपनी को प्रतिदिन करीब 48 लाख रुपये की अतिरिक्त आय होने का अनुमान है। खासतौर पर त्योहारों और ऑफर्स के दौरान ऑर्डर बढ़ने पर यह कमाई और ज्यादा हो सकती है।
LPG संकट का फूड डिलीवरी सर्विसेज पर दिखा असर
इससे पहले मार्च महीने में घरेलू एलपीजी सिलेंडर (14.2 किलो) की कीमत में भी 60 रुपये का इजाफा किया गया था, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 913 रुपये तक पहुंच गई। वहीं, कमर्शियल सिलेंडर भी करीब 115 रुपये महंगा हुआ था। बढ़ती लागत के इस दबाव का असर अब फूड डिलीवरी सर्विसेज पर साफ दिख रहा है।
गौर करने वाली बात यह है कि साल 2023 में Zomato सिर्फ 2 रुपये प्लेटफॉर्म फीस लेता था, लेकिन पिछले एक साल में इसमें कई बार बढ़ोतरी की गई है। अब यह शुल्क बढ़कर 14.90 रुपये प्रति ऑर्डर हो गया है, जो हर बार खाना ऑर्डर करने पर ग्राहकों की जेब पर अतिरिक्त भार डाल रहा है।