नेपाल के खोटांग जिले से बुधवार को एक बड़ी घटना सामने आई, जहां एक निजी हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हेलीकॉप्टर एयर डायनेस्टी हेली सर्विस का बताया जा रहा है, जो काठमांडू से पांच यात्रियों को लेकर उड़ान भरकर खोटांग के बेलाबेसी गांव पहुंच रहा था।
हेलीकॉप्टर में एक ही परिवार के सवार सभी यात्री
जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर जैसे ही बेलाबेसी गांव के हेलीपैड पर उतरने लगा, अचानक असंतुलित होकर पलट गया। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे के समय इलाके में तेज हवा चल रही थी और धूल के कारण दृश्यता भी कम हो गई थी, जिससे पायलट को लैंडिंग में कठिनाई हुई।
हेलीकॉप्टर में सवार सभी यात्री एक ही परिवार के सदस्य थे, जो अपने एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इस भयावह हादसे के बावजूद राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई। पायलट समेत सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
उपचार के लिए दूसरे हेलीकॉप्टर के जरिए काठमांडू भेजा
हालांकि, इस दुर्घटना में काजी बहादुर राई नामक एक यात्री के पैर में मामूली चोट आई है। उन्हें तुरंत उपचार के लिए दूसरे हेलीकॉप्टर के जरिए काठमांडू भेजा गया। बाकी यात्रियों और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
इस घटना ने पहले से शोक में डूबे परिवार को कुछ समय के लिए और सदमे में डाल दिया, लेकिन सभी के सुरक्षित होने से राहत की सांस ली गई। प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।