CM Yogi Adityanath: योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में अपनी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर बुधवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में उपलब्धियों के बारे में बताया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, निवेश, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में बड़े बदलाव का दावा किया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में नवरात्रि और रमजान जैसे त्योहार एक साथ शांति के साथ मनाए जा रहे हैं।
PM मोदी को दिया CM योगी ने क्रेडिट
इस कार्यक्रम में राज्य के नवनिर्माण पर आधारित वार्षिक पुस्तक के बारे में भी बताया गया। मुख्यमंत्री ने इस परिवर्तन का क्रेडिट नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने विकास को गति देने के लिए 9.12 लाख करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया है।
अच्छी कानून-व्यवस्था का किया जिक्र
कानून-व्यवस्था पर जोर देते हुए सीएम योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में त्योहारों के दौरान दंगों और कर्फ्यू का डर बना रहता था, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का जिक्र करते हुए कहा कि आज प्रदेश में कहीं भी अराजकता या तनाव का माहौल नहीं है। साथ ही, उन्होंने बताया कि पहले समाप्त की गई पीएसी की कंपनियों को फिर से सक्रिय किया गया है और 34 कंपनियों के साथ तीन महिला बटालियन भी गठित की गई हैं।
रोजगार-निवेश में किया सुधार का दावा
मुख्यमंत्री ने रोजगार और निवेश के क्षेत्र में भी सुधार का दावा किया। उन्होंने कहा कि पहले युवाओं को पहचान का संकट झेलना पड़ता था और भर्तियों में भ्रष्टाचार के आरोप लगते थे, जबकि अब पारदर्शिता बढ़ी है। उन्होंने अपनी सिंगापुर और जापान यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि विदेशी निवेशक अब उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए उत्साहित हैं।
एयर कनेक्टिविटी में किया प्रगति का जिक्र
एयर कनेक्टिविटी में प्रगति का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य में अब 16 घरेलू और 4 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे संचालित हैं। इसके अलावा, जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनने की ओर अग्रसर है, जिसका उद्घाटन 28 मार्च को प्रस्तावित है और इसके लिए प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया गया है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और उद्योग पर की बात
इंफ्रास्ट्रक्चर और उद्योग के क्षेत्र में बदलाव को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में 14 हजार से भी कम उद्योग थे, जबकि अब 31 हजार से अधिक बड़े उद्योग स्थापित हो चुके हैं। इसके अलावा, 96 लाख एमएसएमई इकाइयों में 3 करोड़ 11 लाख से अधिक लोग कार्यरत हैं, जबकि बड़े उद्योगों में 65 लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार मिला है।
किसानों पर क्या बोले CM योगी?
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि पहले किसान और युवा दोनों ही संकट में थे, लेकिन अब पारदर्शी व्यवस्था के जरिए प्रदेश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। नोएडा को लेकर पुराने अंधविश्वास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने इन धारणाओं को तोड़ते हुए विकास को प्राथमिकता दी और क्षेत्रीय बाधाओं को समाप्त किया।
Read More:

