Gippy Grewal Threat: पंजाबी सिंगर गिप्पी ग्रेवाल को एक बार फिर गैंगस्टर के नाम पर जान से मारने की धमकी मिली है। सोशल मीडिया पर एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कॉल करने वाला खुद को गोल्डी बराड़ बताकर गिप्पी को चेतावनी देता सुनाई दे रहा है।
कॉल कर दी धमकी
वायरल ऑडियो में कॉलर कहता है कि उसने कुछ दिन पहले मैसेज भेजा था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। साथ ही उसने यह भी कहा कि वह गिप्पी और उनके एक करीबी से बात करना चाहता है और मैसेज को नजरअंदाज करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। कॉल में यहां तक कहा गया कि मैसेज को इग्नोर किया जा सकता है, लेकिन गोलियों का सामना करना मुश्किल होगा।
पुलिस के पास कोई औपचारिक शिकायत नहीं
इस धमकी के सामने आने के बाद भी पुलिस के पास अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं पहुंची है। डीएसपी सिटी-2 हरसिमरन सिंह बल के अनुसार, शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी हो चुका है हमला
यह पहला मामला नहीं है जब गिप्पी ग्रेवाल को निशाना बनाया गया हो। पिछले साल 25 नवंबर को कनाडा के वैंकूवर के व्हाइट रॉक इलाके में स्थित उनके घर पर फायरिंग हुई थी। इस हमले की जिम्मेदारी Lawrence Bishnoi गैंग ने ली थी।
गिप्पी को जान से मारने की मिली धमकी
उस समय सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए गैंग की ओर से न केवल हमले की जिम्मेदारी ली गई थी, बल्कि गिप्पी ग्रेवाल को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। पोस्ट में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान का जिक्र करते हुए कहा गया था कि कोई भी उन्हें बचा नहीं सकता।
पुराने मामलों से भी जुड़ा है खतरा
गिप्पी ग्रेवाल को पहली बार 2018 में धमकी मिली थी। उस समय गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह उर्फ दिलप्रीत बाबा और उसके साथी सुखप्रीत सिंह ने रंगदारी के लिए फोन कर धमकी दी थी। आरोपियों ने पैसे न देने पर उन्हें पंजाबी गायक अमर सिंह चमकीला जैसी मौत देने की चेतावनी दी थी।
पहले दर्ज हो चुकी है शिकायत
इस मामले में गिप्पी ने मोहाली पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसके बाद केस दर्ज हुआ। हालांकि, दिसंबर 2024 में अदालत ने सबूतों के अभाव में दोनों आरोपियों को बरी कर दिया था।फिलहाल ताजा धमकी के ऑडियो ने एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, आधिकारिक शिकायत के बिना पुलिस कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू नहीं कर पा रही है, लेकिन मामले पर नजर बनाए रखी जा रही है।
Read More:
पंजाब में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, हेरोइन-ड्रग मनी समेत 91 नशा तस्कर गिरफ्तार

