Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। करालघाट स्थित सूर देवता मंदिर के पास एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला, जबकि कुछ दूरी पर एक युवती मृत अवस्था में पाई गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए परवाणू के ईएसआई अस्पताल भेज दिया गया।
मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान 21 वर्षीय करण और 20 वर्षीय याशिका लामा के रूप में हुई है। करण सोलन के कुमारहट्टी क्षेत्र का रहने वाला था, जबकि याशिका देओंघाट में रह रही थी और मूल रूप से नेपाल की निवासी बताई गई है।
पेड़ पर लटका दिखा शव
घटना सोमवार शाम करीब सवा पांच बजे सामने आई, जब एक राहगीर ने करालघाट इलाके से गुजरते समय पेड़ पर लटके युवक को देखा। पास जाकर उसने कुछ दूरी पर युवती को भी जमीन पर पड़ा पाया, जिसके नाक और मुंह से खून निकल रहा था। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतकों के परिजनों के बयान हुए दर्ज
फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जहां से अहम साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने मृतकों के परिजनों के बयान भी दर्ज कर लिए हैं और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
दोनों के बीच विवाद की आशंका
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस को जानकारी मिली है कि दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे और अक्सर मिलते-जुलते थे। बताया जा रहा है कि युवक शादी करना चाहता था, जबकि युवती इसके लिए तैयार नहीं थी, जिससे दोनों के बीच विवाद भी होता रहता था।
बाइक पर घूमने निकले थे युवक-युवती
जानकारी के अनुसार, दोनों सोमवार को बाइक पर घूमने के लिए भोजनगर की ओर गए थे। इसके बाद ही उनकी मौत की खबर सामने आई। करण कंप्यूटर कोर्स कर रहा था, जबकि याशिका ब्यूटीशियन की ट्रेनिंग ले रही थी।
पुलिस ने जांच शुरू की
पुलिस ने मामले में आत्महत्या और हत्या दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है।
Read More:
जामिया नगर में LPG की कालाबाजारी का पर्दाफाश, 62 सिलेंडर के साथ पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

