International Women’s Day : आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर पंजाब सरकार ने महिलाओं के लिए बड़ा कदम उठाया है। इस मौके पर पंजाब सरकार ने प्रिंसिपलों को ट्रेनिंग के लिए सिंगापुर भेजा है। इस मौके पर मौजूद CM मान और शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने प्रिंसिपलों को विदाई दी। गौरतलब है कि इस बैच में सरकारी स्कूलों की 36 प्रिंसिपल हैं, जिनमें से अधिकतर महिलाएं हैं।
प्रिंसिपलों की बस को हरी झंडी दिखाते हुए CM मान ने कहा कि उन्होंने और ‘आप’ सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान सबसे पहले अच्छी शिक्षा की गारंटी दी थी। पंजाब में शिक्षा क्रांति चल रही है। फिनलैंड, सिंगापुर और अहमदाबाद से प्रशिक्षण प्राप्त कर शिक्षकों के 6 बैच पहले ही लौट चुके हैं और वहां से मिले अनुभवों से शिक्षा का स्तर बढ़ा रहे हैं। आज 7वां बैच सिंगापुर भेजा जा रहा है। हमें उम्मीद है कि इससे ऐसे छात्र तैयार होंगे जो देश की तरक्की में योगदान देंगे।
CM मान ने कहा कि इन प्रिंसिपलों का दौरा 7 दिनों का है और वे 16 मार्च को वापस लौटेंगे। इस बार ये शिक्षक सिंगापुर में होली मनाएंगे। दिवाली के आसपास शिक्षकों का एक समूह फिनलैंड गया था। तब मैंने उनसे कहा था कि आपने दिवाली तो खूब मनाई होगी, लेकिन जो दिवाली आप इस बार नहीं मना पाएंगे, वह आपको पूरी जिंदगी याद रहेगी। इसी तरह इस बैच में सिंगापुर जाने वाले प्रिंसिपल भी वहीं होली मनाएंगे। उम्मीद है कि वे वहां से शिक्षा के रंग लेकर आएंगे।
