पश्चिम बंगाल(West Bengal) में वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन पाने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पश्चिम बंगाल में बनाई गई नई सुवेंदु अधिकारी की सरकार ने राज्य में इन तीनों सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत मिलने वाली मासिक पेंशन राशि में बढ़ोतरी का फैसला किया है। इसके मुताबिक, अब पात्र लाभार्थियों को 1000 रुपये की जगह हर महीने 1500 रुपये पेंशन मिलेगी।
यह फैसला भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र में किए गए वादे के अनुसार लागू किया गया है। सरकार के मुताबिक, बढ़ी हुई पेंशन राशि 1 अगस्त से वास्तविक लाभार्थियों को मिलनी शुरू हो जाएगी।
तीन प्रमुख पेंशन योजनाओं में बढ़ी राशि
पश्चिम बंगाल पंचायत मामलों और ग्रामीण विकास विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, नेशनल सोशल असिस्टेंस प्रोग्राम (NSAP) के तहत चल रही तीन योजनाओं में यह बदलाव किया गया है। इनमें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विकलांगता पेंशन योजना शामिल हैं।
इन योजनाओं के लाभार्थियों को अब पहले की तुलना में 500 रुपये अधिक मिलेंगे। बढ़ी हुई राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जाएगी।
बजट से पूरा होगा अतिरिक्त खर्च
राज्य सरकार ने बताया कि पेंशन में हुई इस बढ़ोतरी का अतिरिक्त खर्च वित्त वर्ष 2026-27 के बजट प्रावधानों से पूरा किया जाएगा। सभी पात्र लोगों तक नई पेंशन राशि समय पर पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
सरकार ने लागू करने की शुरू की तैयारी
सरकार की ओर से जिला मजिस्ट्रेट, पंचायत एवं ग्रामीण विकास अधिकारियों और अन्य संबंधित एजेंसियों को योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी पात्र लाभार्थी को परेशानी न हो।
बता दें कि पश्चिम बंगाल के बजट प्रस्तावों में बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों की पेंशन राशि बढ़ाने का ऐलान किया गया था। इसके बाद पंचायत मामलों और ग्रामीण विकास विभाग ने इस फैसले को लागू करने के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की।