Punjab Firozpur Road Accident: पंजाब के फाजिल्का जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ, जब एक पिकअप वाहन और ट्राले की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए फरीदकोट रेफर किया गया है।
अस्थियां विसर्जित करने जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, जलालाबाद के गांव मल्कज़ादे का एक परिवार अपने दिवंगत परिजन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए डेरा ब्यास जा रहा था। पिकअप वाहन में परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों सहित करीब 25 से 30 लोग सवार थे। यात्रा के दौरान जब वाहन गांव हुसैनशाह के निकट पहुंचा, तभी सामने से आ रहे ट्राले से उसकी टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद मची चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक, हादसा इतना भयानक था कि पिकअप के ऊपरी हिस्से में बने टूल बॉक्स पर बैठे पांच लोग उछलकर सीधे ट्राले के शीशे को तोड़ते हुए उसके अंदर जा गिरे। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतकों में 13 वर्षीय बच्ची भी शामिल
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों में एक 13 वर्षीय बच्ची भी शामिल है। कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। अस्पताल में भर्ती अन्य घायलों का भी इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही भूपिंदर सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए फिरोजपुर भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read More:
जालंधर में देर रात एनकाउंटर, पकड़ने गई टीम पर भीड़ ने गोली चलाई, क्रॉस फायरिंग में ढ़ेर हुआ वांटेड

