Punjab Legislative Assembly Monsoon Session: पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र का आज आखिरी दिन है। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी। इससे पहले सुबह 10:30 बजे पंजाब मंत्रिमंडल की बैठक होगी। इस बैठक में सदन की कार्यवाही और उससे जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा किए जाने की संभावना है। सत्र के अंतिम दिन सदन में करीब 8 बिल पेश किए जाएंगे।
इन अहम बिलों पर रहेगी नजर
आज पेश होने वाले प्रमुख विधेयकों में पंजाब कॉमन इंफ्रास्ट्रक्चर (संशोधन) बिल, स्कूलों में मनमानी फीस बढ़ोतरी पर रोक लगाने से जुड़ा अनएडेड एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस फीस संशोधन बिल और पंजाब स्टेट आउटसोर्स्ट पर्सोनल बिल शामिल हैं। इन विधेयकों को लेकर आज की कार्यवाही अहम मानी जा रही है।
65 हजार आउटसोर्स मुलाजिम
पंजाब स्टेट आउटसोर्स्ट पर्सोनल बिल में करीब 65 हजार आउटसोर्स मुलाजिमों से जुड़ा प्रावधान है। इसके तहत उन्हें आउटसोर्सिंग और ठेकेदारी व्यवस्था से बाहर निकालकर पंजाब सरकार के अधीन कॉन्ट्रैक्ट पर लाने का प्रावधान किया गया है। इस बिल पर सदन में चर्चा के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच बहस देखने को मिल सकती है।
सड़कों पर हुई थी चर्चा
इससे पहले सत्र के पांचवें दिन सड़क निर्माण और मरम्मत समेत कई मुद्दों पर सदन में चर्चा हुई थी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विधायकों के सवालों का जवाब देते हुए कहा था कि, जिन सड़कों के निर्माण और मरम्मत के टेंडर हो चुके हैं, उन्हें तय समय सीमा में पूरा किया जाएगा।
आज क्या रहेगा खास?
कैबिनेट बैठक के बाद विधानसभा में करीब 8 बिल पेश किए जा सकते हैं। फीस बढ़ोतरी पर रोक, आउटसोर्स कर्मचारियों की व्यवस्था और अन्य विधायी मुद्दों के साथ विपक्ष की कार्यवाही की अवधि बढ़ाने की मांग आज सदन में प्रमुख मुद्दों में शामिल रह सकती है।
Read More:

