NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस(Congress) ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है। कांग्रेस सांसदों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सरकार पर गंभीर सवाल उठाए और कहा कि देश का शिक्षा तंत्र गंभीर समस्याओं से गुजर रहा है लेकिन सरकार इस पर जवाब देने से बच रही है।
राहुल गांधी ने कहा कि NEET पेपर लीक जैसे मुद्दे से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री इस मामले पर चुप क्यों हैं और छात्रों के सामने आकर अपनी जिम्मेदारी क्यों नहीं स्वीकार कर रहे हैं। राहुल गांधी ने छात्रों से माफी मांगने और प्रदर्शन कर रहे युवाओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई रोकने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई गलत है और सरकार को इस मामले में जवाब देना चाहिए।
घायल प्रदर्शनकारियों से मिले राहुल और प्रियंका
प्रदर्शन से पहले राहुल गांधी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिले और संसद में NEET मामले पर चर्चा कराने की मांग रखी। इसके बाद वह अपनी बहन प्रियंका गांधी के साथ RML अस्पताल पहुंचे जहां उन्होंने घायल प्रदर्शनकारियों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।
राहुल गांधी ने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपनी जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही उन्होंने गृह मंत्रालय पर भी सवाल उठाए और पुलिस कार्रवाई के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी
NEET पेपर लीक को लेकर जंतर-मंतर पर छात्रों और अन्य प्रदर्शनकारियों का विरोध जारी है। इससे पहले प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की स्थिति भी बनी थी। इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सरकार को छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर जवाब देना चाहिए और संसद में इस पर पूरी चर्चा होनी चाहिए।