दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में शनिवार को आयोजित ‘मेरा भारत युवा सम्मेलन’ में देश के विभिन्न राज्यों से आए हजारों युवाओं ने भाग लिया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना और उनके योगदान को सम्मान देना था। सम्मेलन में 6,000 से अधिक युवाओं की उपस्थिति ने इसे एक बड़े युवा महोत्सव का रूप दे दिया।
कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता(CM Rekha Gupta), केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, युवा मामलों की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद रहीं। इस अवसर पर युवाओं की उपलब्धियों और उनके भविष्य की संभावनाओं पर विशेष चर्चा की गई।
भारत की विविध प्रतिभाओं का अद्भुत संगम
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मेलन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत की युवा ऊर्जा और क्षमता का उत्सव है। उन्होंने कहा कि जब एक ही मंच पर उद्यमी, खिलाड़ी, कलाकार, कंटेंट क्रिएटर, प्रशासनिक सेवाओं के अभ्यर्थी और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवा एकत्रित होते हैं तो यह देश की अपार संभावनाओं का जीवंत उदाहरण बन जाता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को एक-दूसरे से सीखने, नए विचारों को साझा करने और अपने अनुभवों से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करते हैं। यह मंच युवाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया के उन देशों में शामिल है जहां युवा आबादी सबसे अधिक है। यही युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि आज का भारतीय युवा केवल सपने नहीं देखता बल्कि उन्हें साकार करने के लिए निरंतर मेहनत भी करता है। उनके अनुसार, खेल, विज्ञान, तकनीक, शिक्षा, कला, उद्यमिता और प्रशासन जैसे क्षेत्रों में भारतीय युवाओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। यही कारण है कि दुनिया भारत को एक उभरती हुई वैश्विक शक्ति के रूप में देख रही है।
रेखा गुप्ता ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता अचानक नहीं मिलती। इसके पीछे वर्षों की मेहनत, अनुशासन, धैर्य और समर्पण छिपा होता है। उन्होंने कहा कि जो युवा अपने लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहते हैं वही भविष्य में समाज और देश के लिए प्रेरणा बनते हैं। CM रेखा ने युवाओं को संदेश दिया कि वे अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखें और चुनौतियों से घबराने के बजाय उन्हें अवसर के रूप में स्वीकार करें। उनका मानना है कि सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास किसी भी व्यक्ति को सफलता के शिखर तक पहुंचा सकते हैं।
विकसित भारत-2047 का सपना होगा साकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रस्तुत विकसित भारत-2047 का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब देश का युवा वर्ग इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएगा। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपनी ऊर्जा, नवाचार और रचनात्मकता को राष्ट्रहित में उपयोग करें।
उन्होंने कहा कि हर नागरिक के पास देश के लिए योगदान देने का अवसर होता है। यदि प्रत्येक युवा अपने क्षेत्र में ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करे तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता।