HomeBreaking Newsकोच्चि में 70 साल की महिला से रेप की कोशिश, कचरा उठाकर...

कोच्चि में 70 साल की महिला से रेप की कोशिश, कचरा उठाकर वापस लौट रही थी घर

केरल के कोच्चि में 70 साल की बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। महिला हरिता कर्म सेना की कार्यकर्ता है और कचरा इकट्ठा करने का काम करती है। आरोप है कि 13 नवंबर की रात करीब 3 बजे कडवनथरा इलाके में एक युवक ने उसे अकेला पाकर सड़क पर हमला कर दिया। पुलिस ने मामले में 29 वर्षीय यासिर अफरीद को गिरफ्तार किया है। वह फोर्ट कोच्चि का निवासी है और एमजी रोड स्थित एक मल्टीप्लेक्स की कॉफी शॉप में काम करता है।

काम से लौटते समय महिला को बनाया निशाना

पुलिस के मुताबिक, महिला रोज की तरह अपना काम खत्म करके घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी अपने दोस्त को छोड़कर बाइक से वापस जा रहा था। नॉर्थ गिरिनगर रोड पर उसने महिला को अकेला देखा और बाइक रोक दी। आरोप है कि उसने पीछे से महिला को पकड़कर सड़क पर गिरा दिया और उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि घटना के समय आरोपी नशे की हालत में था। महिला ने जब शोर मचाया तो आसपास मौजूद आवारा कुत्ते भौंकने लगे। इसके बाद आरोपी मौके से बाइक लेकर फरार हो गया।

चेहरे पर नाखूनों के निशान

पुलिस के अनुसार, महिला के साथ कोई पेनेट्रेटिव यौन हमला नहीं हुआ। हालांकि, हमले के दौरान सड़क पर गिरने से उसके चेहरे पर नाखूनों के निशान आ गए। सिर जमीन से टकराने के कारण उसे शरीर में दर्द भी हुआ। घटना के बाद महिला किसी तरह अपने घर पहुंची। उसी शाम वह एक रिश्तेदार के साथ पुलिस स्टेशन गई और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और आरोपी की पहचान करने के लिए आसपास के इलाकों के साक्ष्य जुटाए।

CCTV और मोबाइल टावर डेटा से आरोपी तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस को बाइक का नंबर नहीं मिल सका। ऐसे में टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मोबाइल टावर डेटा और महिला की ओर से बताए गए आरोपी के हुलिए को भी जांच का आधार बनाया गया। पुलिस ने आरोपी की बाइक उसके कार्यस्थल पर ढूंढ निकाली। इसके बाद उसे वहीं के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 62, 64, 74, 75, 76 और 78 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उसे अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है।

Read More

लखनऊ मेट्रो ने तोड़ा रिकॉर्ड, एक दिन में 1.10 लाख यात्रियों ने किया सफर

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments