HomeCurrent NewsDev Uthani Ekadashi: देवउठनी एकादशी से फिर गूंजेगी शहनाइयां, जानें सही तारीख...

Dev Uthani Ekadashi: देवउठनी एकादशी से फिर गूंजेगी शहनाइयां, जानें सही तारीख और पूजा मुहूर्त

Dev Uthani Ekadashi 2026: दिवाली के बाद अब श्रद्धालुओं को देवउठनी एकादशी का इंतजार है। हिंदू धर्म में इस एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त हो जाता है और शादी-विवाह, गृह प्रवेश समेत दूसरे मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है।

इस दिन भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा करने के साथ व्रत रखने का विधान है। इसे प्रबोधिनी एकादशी और देवोत्थान एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। आइए जानते हैं साल 2026 में देवउठनी एकादशी की सही तारीख, पूजा का शुभ मुहूर्त, व्रत पारण का समय और तुलसी विवाह से जुड़ी खास बातें।

कब मनाई जाएगी देवउठनी एकादशी 2026?

हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को देवउठनी एकादशी मनाई जाती है। साल 2026 में एकादशी तिथि की शुरुआत 20 नवंबर, शुक्रवार को सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर होगी। वहीं, इसका समापन 21 नवंबर, शनिवार को सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर होगा।

उदयातिथि के अनुसार, इस साल देवउठनी एकादशी का व्रत 20 नवंबर को रखा जाएगा। हालांकि, वैष्णव परंपरा का पालन करने वाले कुछ श्रद्धालु 21 नवंबर को गौण एकादशी का व्रत रखेंगे।

देवउठनी एकादशी 2026 पूजा का शुभ मुहूर्त

देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन शुभ मुहूर्त में पूजा-पाठ, मंत्र जाप और दान-पुण्य करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। साल 2026 में पूजा के लिए प्रमुख शुभ मुहूर्त इस प्रकार हैं।

ब्रह्म मुहूर्त सुबह 5:01 बजे से 5:44 बजे तक रहेगा। विजय मुहूर्त दोपहर 1:53 बजे से 2:35 बजे तक रहेगा। गोधूलि मुहूर्त शाम 5:26 बजे से 5:52 बजे तक रहेगा, जबकि निशिता मुहूर्त रात 11:40 बजे से 12:34 बजे तक रहेगा।

इस दिन पूरे समय रवि योग का संयोग भी बन रहा है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, रवि योग में पूजा-पाठ, मंत्र जाप और दान करना शुभ माना जाता है।

देवउठनी एकादशी व्रत का पारण कब होगा?

एकादशी व्रत में पारण का विशेष महत्व होता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, व्रत का पारण अगले दिन द्वादशी तिथि के दौरान करना चाहिए। साल 2026 में देवउठनी एकादशी व्रत का पारण 21 नवंबर, शनिवार को किया जाएगा।

पारण का शुभ समय दोपहर 1:10 बजे से 3:18 बजे तक रहेगा। ऐसे में व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं को द्वादशी तिथि के भीतर निर्धारित समय पर ही व्रत खोलना चाहिए।

देवउठनी एकादशी का धार्मिक महत्व क्या है?

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान विष्णु आषाढ़ महीने के शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी से चार महीने के लिए योग निद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी को जागते हैं। भगवान विष्णु के योग निद्रा से जागने के कारण ही इस तिथि को देवउठनी या देवोत्थान एकादशी कहा जाता है।

भगवान विष्णु के जागने के साथ ही चातुर्मास का समापन हो जाता है। इस अवधि में विवाह और दूसरे मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं। देवउठनी एकादशी के बाद एक बार फिर शादी-विवाह, गृह प्रवेश और अन्य शुभ कार्य शुरू हो जाते हैं।

देवउठनी एकादशी पर कैसे करें भगवान विष्णु की पूजा?

इस दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करना चाहिए और साफ कपड़े पहनने चाहिए। इसके बाद भगवान विष्णु का ध्यान करके व्रत का संकल्प लें। घर के पूजा स्थल की सफाई करके भगवान विष्णु की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें। उन्हें पीले फूल, फल, तुलसी दल और पीले वस्त्र अर्पित करें।

इसके बाद घी का दीपक जलाकर विष्णु सहस्रनाम या भगवान विष्णु के मंत्रों का पाठ करें। भगवान विष्णु के साथ मां लक्ष्मी की भी विधि-विधान से पूजा करें। शाम के समय भगवान को योग निद्रा से जगाने की परंपरा निभाई जाती है। इसके लिए शंख और घंटी बजाकर भजन-कीर्तन करें। अंत में भगवान की आरती उतारें और फलाहार या प्रसाद का वितरण करें।

देवउठनी एकादशी पर क्यों होता है तुलसी विवाह?

देवउठनी एकादशी के अवसर पर तुलसी विवाह की परंपरा भी निभाई जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान विष्णु के जागने के बाद तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराया जाता है। तुलसी को माता लक्ष्मी का स्वरूप, जबकि शालिग्राम को भगवान विष्णु का प्रतीक माना जाता है।

कई परिवारों में तुलसी विवाह द्वादशी तिथि को किया जाता है। साल 2026 में यह परंपरा 21 नवंबर को निभाई जाएगी। इस अवसर पर तुलसी के पौधे को दुल्हन की तरह सजाया जाता है और शालिग्राम के साथ विवाह की सभी धार्मिक रस्में पूरी की जाती हैं।

Read More:

व्हाइट हाउस में अचानक लॉकडाउन, ट्रंप के रहते मची अफरा-तफरी, साइनपोस्ट से टकराई कार, सुरक्षाकर्मियों से भिड़ा ड्राइवर

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments