ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में खाताधारकों की करोड़ों रुपये की रकम गायब होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने कई खातों में जमा फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) समय से पहले तोड़कर रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी। कुछ खाताधारकों ने अपने खातों से लाखों रुपये गायब होने की शिकायत की है। मामला सामने आने के बाद बैंक प्रबंधन ने शाखा प्रबंधक समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। वहीं, पुलिस को अब तक 16 लोग शिकायत दे चुके हैं। मामले की जांच पुलिस और बैंक की एंटी करप्शन टीम कर रही है।
खाते में थे 94 लाख रुपये
बिरोंडी गांव के रहने वाले गौतम के मुताबिक, उनके पिता का खाता सेक्टर पाई-1 स्थित PNB शाखा में है। परिवार को 50 हजार रुपये की जरूरत थी। चेकबुक नहीं होने के कारण गौतम पैसे निकालने के लिए बैंक पहुंचे और निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म भरकर जमा किया। हालांकि, बैंक कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि खाते में पर्याप्त रकम नहीं है। गौतम का कहना है कि उनके पिता के खाते में करीब 94 लाख रुपये जमा थे, लेकिन बैंक से जानकारी लेने पर पता चला कि खाते में केवल 16 हजार रुपये बचे हैं। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। उनके मुताबिक, बैंक अधिकारियों ने रकम वापस दिलाने का आश्वासन दिया है।
1.18 करोड़ रुपये गायब होने का दावा
एक अन्य खाताधारक ने बताया कि उनकी मां के खाते में जेवर एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण के मुआवजे के तौर पर करीब 1 करोड़ 29 लाख रुपये आए थे। परिवार ने जरूरत के मुताबिक इसमें से लगभग 10 से 12 लाख रुपये निकाले थे। इसके बाद खाते में करीब 1 करोड़ 18 लाख रुपये बचे होने चाहिए थे, लेकिन खाताधारक के मुताबिक, अब खाते में कोई रकम नहीं है। उन्होंने बताया कि परिचितों के जरिए बैंक में कथित गड़बड़ी की जानकारी मिलने के बाद परिवार को अपने पैसे की चिंता हुई। बैंक की ओर से उन्हें 10 से 15 दिन में रकम वापस मिलने का आश्वासन दिया गया है। हालांकि, परिवार पुलिस में शिकायत देने की तैयारी कर रहा है।
ASP ग्रेटर नोएडा को जांच की जिम्मेदारी
मामले की जानकारी सामने आने के बाद बैंक के वरिष्ठ अधिकारी शाखा पहुंचे और खाताधारकों को आश्वासन दिया। बैंक ने शाखा प्रबंधक समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है और शाखा में नए कर्मचारियों की तैनाती की गई है। हालांकि, बैंक ने अब तक कथित गड़बड़ी की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। यह भी स्पष्ट नहीं हुआ है कि कुल कितनी रकम प्रभावित हुई और पैसा किन खातों में ट्रांसफर किया गया। नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के प्रवक्ता के अनुसार, थाना बीटा-2 क्षेत्र में स्थित बैंक से जुड़ी शिकायतों की जांच की जा रही है। अब तक 16 लोगों ने पुलिस को शिकायत दी है। मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए एसीपी ग्रेटर नोएडा को निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही रकम के लेनदेन और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
Read More
800 बार बम धमकी से एयरपोर्ट्स को धमकाने वाला चेन्नई का सॉफ्टवेयर इंजीनियर गिरफ्तार


[…] ग्रेटर नोएडा के PNB ब्रांच में बड़ा घोटा… […]