HomeBreaking Newsचेन्नई मेट्रो फेज-2 की शुरुआत, PM मोदी और CM विजय ने किया...

चेन्नई मेट्रो फेज-2 की शुरुआत, PM मोदी और CM विजय ने किया 15 KM के नए कॉरिडोर का उद्घाटन, जानें क्या बदलेगा?

Chennai Metro Phase-2 Launch: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के तहत लगभग 4,900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पूनामल्ली-वडापलानी खंड का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री मोदी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने नई मेट्रो सेवा को हरी झंडी दिखाई और इसके बाद ट्रेन में सफर भी किया। यह सेवा मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण के कॉरिडोर-चार के तहत शुरू की गई है।

15 किलोमीटर के नए खंड में 11 स्टेशन

नवनिर्मित मेट्रो खंड की लंबाई करीब 15 किलोमीटर है। इस पूरे मार्ग पर कुल 11 एलिवेटेड स्टेशन बनाए गए हैं। इस नए कॉरिडोर से चेन्नई के तेजी से विकसित हो रहे पश्चिमी उपनगरों और शहर के मध्य हिस्से के बीच संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है। साथ ही रोजाना यात्रा करने वाले लोगों के समय में भी कमी आने की संभावना है।

‘डबल डेकर’ संरचना बनेगी खासियत

इस मेट्रो रेल गलियारे में 3.7 किलोमीटर लंबी विशिष्ट ‘डबल डेकर’ संरचना भी बनाई गई है। इसके अलावा मेट्रो में चालक रहित परिचालन को संभव बनाने के लिए आधुनिक सिग्नल प्रणाली लगाई गई है। इससे भविष्य में मेट्रो संचालन को तकनीकी रूप से और बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

UPI से टिकट लेकर PM मोदी ने किया सफर

उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के जरिए भुगतान कर अपना टिकट खरीदा। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री विजय के साथ पोरुर बाईपास रोड मेट्रो स्टेशन से पूनामल्ली तक यात्रा की। सफर के दौरान अधिकारियों ने प्रधानमंत्री को मेट्रो प्रणाली के संचालन और नई सेवा की विशेषताओं के बारे में जानकारी दी।

छात्रों और कर्मचारियों से भी की बातचीत

मेट्रो यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रेन में मौजूद छात्रों और कर्मचारियों से बातचीत की। मेट्रो का उद्घाटन प्रधानमंत्री के तमिलनाडु दौरे के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल था। इस दौरान परिवहन क्षेत्र से जुड़ी कई अन्य विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया गया।

3,700 करोड़ की राजमार्ग परियोजनाओं का भी उद्घाटन

प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु में करीब 3,700 करोड़ रुपये की विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इनमें वे नई परियोजनाएं भी शामिल हैं, जो अब निर्माण के चरण में प्रवेश कर रही हैं। इसके अलावा कुछ ऐसे बुनियादी ढांचा प्रोजेक्ट भी हैं, जिन्हें जनता के लिए समर्पित किया जा चुका है।

750 करोड़ की रेलवे परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित

चेन्नई दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने करीब 750 करोड़ रुपये की रेलवे बुनियादी ढांचा परियोजनाएं भी राष्ट्र को समर्पित कीं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य में रेल संपर्क और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।

चेन्नई पोर्ट को भी मिली नई परियोजनाओं की सौगात

चेन्नई पोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी ने चार इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं से तमिलनाडु की समुद्री सुविधाओं को मजबूती मिलने के साथ कार्गो संभालने की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। ये परियोजनाएं प्रधानमंत्री के दिनभर के कार्यक्रम में शामिल पोर्ट डेवलपमेंट से जुड़े हिस्से का अहम भाग थीं।

PM के दौरे को लेकर सुरक्षा कड़ी

प्रधानमंत्री के चेन्नई दौरे को देखते हुए पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मेट्रो उद्घाटन से लेकर राजमार्ग, रेलवे और बंदरगाह से जुड़ी परियोजनाओं के कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया।

Read More:

पाकिस्तान में बड़ा सियासी भूचाल, खैबर पख्तूनख्वा में लगी इमरजेंसी, राष्ट्रपति शासन लागू, इमरान की इकलौती सरकार बर्खास्त

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments