Parliament Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन है। पेपर लीक समेत कई मुद्दों को लेकर विपक्ष एक बार फिर सरकार को घेरने की तैयारी में है, जबकि सरकार अपने विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए सात बड़े विधेयक पेश करेगी। लगातार दूसरे दिन हुए हंगामे के बाद आज भी लोकसभा और राज्यसभा में तीखी नोकझोंक देखने को मिल सकती है। दोनों सदनों की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
संसद में आज क्या रहेगा खास
आज राजधानी दिल्ली में राजनीतिक हलचल तेज रहने वाली है। संसद के मानसून सत्र के तीसरे दिन सरकार 7 विधेयकों को सदन में पेश करेगी। वहीं विपक्ष कई अहम मुद्दों को लेकर सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति के साथ सदन में उतरेगा।
क्या है 7 बड़े विधेयक
सरकार मानसून सत्र के दौरान कुल सात अहम विधेयक लाने की तैयारी में है। इनमें दो लंबित विधेयक और पांच नए विधेयक शामिल हैं।
-
विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन (FCRA) विधेयक, 2026 के जरिए विदेशों से मिलने वाले चंदे पर सख्त निगरानी और रजिस्ट्रेशन समाप्त होने की स्थिति में संपत्तियों पर सरकारी नियंत्रण का प्रावधान किया जाएगा।
-
विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक, 2025 के तहत UGC, AICTE और NCTE की जगह एक नई नियामक संस्था बनाने का प्रस्ताव है, जिसके दायरे में राष्ट्रीय महत्व के संस्थान भी आएंगे।
-
सरकार आयकर (संशोधन) विधेयक, 2026 भी पेश करेगी, जिसका उद्देश्य विदेशी निवेशकों को सरकारी प्रतिभूतियों (G-Secs) में निवेश के लिए प्रोत्साहित करना और सरकारी कर्ज बाजार को मजबूत करना है।
-
इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या संशोधन विधेयक, 2026 के जरिए जजों की संख्या 33 से बढ़कर 37 होगी। अभी जारी अध्यादेश कानून बनाया जाएगा।
-
जन्म-मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026 के तहत दो साल बाद पंजीकरण के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश को अनिवार्य होंगें।
-
राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026 के माध्यम से वंदे मातरम को कानूनी संरक्षण दिया जायेगा। यदि कोई इसके गायन में बाधा डालता है या अपमान, अनादर करता है तो अपराध माना जायेगा।
-
MSME विकास (संशोधन) विधेयक, 2026 के जरिए समय पर भुगतान से जुड़े विवादों के तेजी से निपटारे का प्रस्ताव रखा जाएगा।
पेपर लीक पर विपक्ष
मानसून सत्र के शुरुआती दो दिनों में हुए हंगामे के बाद तीसरे दिन भी विपक्ष के तेवर नरम पड़ते नहीं दिख रहे हैं। विपक्षी दल पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में रहेगा।
नियम 267 के तहत चर्चा की मांग
विपक्ष नियम 267 के तहत संसद में तुरंत स्थगन प्रस्ताव लाकर पेपर लीक मामले पर चर्चा कराने की मांग पर अड़ा हुआ है। ऐसे में दोनों सदनों में आज भी जोरदार बहस और हंगामे के आसार बने हुए हैं।
Read More:
CM भगवंत सिंह मान का बड़ी राहत का ऐलान, पंजाब में बनाए जाएंगे 10 लाख नए राशन कार्ड

