Sikkim Tunnel Accident: सिक्किम के नामची जिले के सामरदुंग, झोलुंगे स्थित NHPC की निर्माणाधीन तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में हुए दर्दनाक हादसे में 8 लोगों के मारे जानें की खबर है। जिला प्रशासन ने मंगलवार सुबह 10:20 बजे तक की स्थिति के आधार पर इसकी पुष्टि की है। हादसे के बाद सुरंग में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
PM मोदी ने मदद का दिया भरोसा
हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग से फोन पर बात कर पूरी स्थिति की जानकारी ली है। प्रधानमंत्री ने बचाव अभियान की समीक्षा करते हुए राज्य सरकार को केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रधानमंत्री ने हादसे पर गहरा दुख जताया और प्रभावित श्रमिकों व उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राहत और बचाव कार्यों में राज्य सरकार को हर जरूरी सहयोग उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री ने जताया आभार और शोक
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने प्रधानमंत्री की संवेदनशीलता और तुरंत हस्तक्षेप के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में प्रधानमंत्री का समर्थन राज्य के लिए बड़ी ताकत है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
युद्धस्तर पर जारी बचाव अभियान
मुख्यमंत्री ने बताया कि राहत एवं बचाव अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सिक्किम पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा, पाक्योंग और सिलीगुड़ी की एनडीआरएफ टीमों सहित कई विशेषज्ञ एजेंसियां सुरंग में फंसे बाकि श्रमिकों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं। उन्होंने बचाव कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मियों के साहस, समर्पण और अथक प्रयासों की भी सराहना की।
सभी एजेंसियों को दिए गए निर्देश
मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों और एजेंसियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने, हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने, भ्रामक खबरों से बचने और प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बचाव अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
27 मजदूरों के फंसे होने की आशंका
नामची जिले की कलेक्टर अनूपा टमलिंग ने बताया कि लगभग 27 मजदूरों के सुरंग के अंदर फंसे होने की आशंका है। हालांकि, सुरंग के भीतर की वास्तविक स्थिति अभी साफ नहीं है, इसलिए अंदर मौजूद श्रमिकों की सही संख्या की पुष्टि नहीं की जा सकी है। उन्होंने बताया कि नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एनडीआरएफ) की एक टीम सुरंग में प्रवेश कर चुकी है और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। टीम के लौटने के बाद ही अंदर फंसे मजदूरों की संख्या और उनकी स्थिति के बारे में जानकारी मिल सकेगी।
नामची, सिक्किम: नामची ज़िले के समरडुंग, झोलुंगे में NHPC के तीस्ता स्टेज VI हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की निर्माणाधीन सुरंग में फँसे मज़दूरों को बाहर निकालने के लिए खोज और बचाव अभियान जारी है।
ज़िला प्रशासन ने 7 लोगों की मौत की जानकारी दी है। मृतकों के शवों को सिंगतम ज़िला… https://t.co/78BHIY8NAJ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 21, 2026
गैस लीक के बाद हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर समरडोंग क्षेत्र में निर्माणाधीन सुरंग के भीतर गैस लीक होने की घटना हुई। इसके बाद अंदर काम कर रहे कई श्रमिक सुरंग में फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सिक्किम पुलिस, फायर एवं इमरजेंसी सर्विस, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को मौके पर तैनात किया गया। प्रशासन का कहना है कि बचाव अभियान लगातार जारी है और स्थिति पर राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण बारीकी से नजर बनाए हुए है।
Read More:

