CBSE के री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर इस बार बड़ी संख्या में छात्र अपने अंकों के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर रहे हैं। इसी बीच बोर्ड ने खुलासा किया है कि पोर्टल को साइबर हमलों का भी सामना करना पड़ रहा है।
कुछ ही मिनटों में लाखों बार एक्सेस की कोशिश
CBSE के अनुसार, हाल के दिनों में पोर्टल पर असामान्य गतिविधियां दर्ज की गईं। एक मामले में महज दो मिनट के भीतर करीब 15 लाख हिट्स रिकॉर्ड किए गए। इसके अलावा एक लाख से अधिक बार अनधिकृत तरीके से सिस्टम और फाइलों तक पहुंचने की कोशिश की गई। बोर्ड का कहना है कि यह पोर्टल को बाधित करने का प्रयास था, जिसे समय रहते रोक दिया गया।
साइबर सुरक्षा टीम ने संभाला मोर्चा
बोर्ड ने बताया कि उसकी साइबर सुरक्षा और तकनीकी टीम लगातार निगरानी कर रही है। हमलों के बावजूद पोर्टल की स्थिति सामान्य बनी रही और छात्रों को आवेदन करने में कोई बड़ी दिक्कत नहीं हुई। CBSE का दावा है कि सभी संवेदनशील जानकारियां सुरक्षित हैं और सिस्टम को अतिरिक्त सुरक्षा उपायों से मजबूत किया गया है।
हजारों छात्रों ने जमा किए आवेदन
मंगलवार दोपहर तक 16 हजार से अधिक छात्र री-इवैल्यूएशन के लिए अपना आवेदन जमा कर चुके थे। बोर्ड के मुताबिक पोर्टल एक समय में 8 हजार से ज्यादा यूजर्स को संभालने की क्षमता रखता है। बढ़ती संख्या को देखते हुए तकनीकी संसाधनों को भी लगातार अपग्रेड किया जा रहा है।
Read More
दिल्ली में साथ बैठकर कर रहे थे नाश्ता, अचानक कैंची घोपकर सहकर्मी की ले ली जान
