Punjab CEO Anindita Mitra Convenes All-Party Meeting: पंजाब में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने आज सर्वदलीय बैठक बुलाई है। यह बैठक चंडीगढ़ में दोपहर 3 बजे होगी, जिसमें कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में SIR यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन को लेकर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
चुनाव आयोग ने SIR शुरू करने का किया ऐलान
इससे पहले चुनाव आयोग ने पंजाब और चंडीगढ़ में 15 जून से स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) शुरू करने की घोषणा की थी। पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं और राज्य में करीब 2.14 करोड़ मतदाता हैं। ऐसे में चुनाव आयोग वोटर लिस्ट को अपडेट और शुद्ध करने की तैयारी में जुट गया है।
घर-घर जाकर होगा मतदाताओं का सत्यापन
SIR के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस प्रक्रिया में नए वोटरों के नाम जोड़े जाएंगे, जबकि फर्जी, डुप्लीकेट या गलत नामों को मतदाता सूची से हटाया जाएगा। पंजाब में इससे पहले आखिरी बार वर्ष 2005 में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन किया गया था।
मतदाताओं को भरने होंगे दो फॉर्म
मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि SIR प्रक्रिया के दौरान दो फॉर्म भरे जाएंगे। इनमें से एक कॉपी मतदाता को दी जाएगी। अगर किसी घर का दरवाजा बंद मिलता है या परिवार मौजूद नहीं होता, तो BLO फॉर्म घर के अंदर डाल देगा। इसके बाद भी संपर्क नहीं होने पर BLO महीने में तीन बार उस पते पर जाएगा।
चार कैटेगरी में तैयार होगी सूची
उन्होंने बताया कि जिन लोगों के नाम 2025 की मतदाता सूची में हैं, उन्हें भी फॉर्म भरना होगा। अगर किसी का फॉर्म वापस नहीं मिलता, तो BLO अलग सूची तैयार करेगा। यह सूची डिलीट, शिफ्ट, डेथ और डुप्लीकेट जैसी चार कैटेगरी में बनाई जाएगी। बाद में इन सूचियों को सार्वजनिक भी किया जाएगा।
Read More:

