Mohali Road Accident: पंजाब के मोहाली जिले में शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। जीरकपुर के छत लाइट चौक के पास मनाली से दिल्ली जा रही एक निजी बस ट्रक की टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि एक युवक बस के नीचे दबकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तेज टक्कर के बाद पलटी बस
पुलिस के मुताबिक, निजी बस हिमाचल प्रदेश के मनाली से दिल्ली की ओर जा रही थी। जैसे ही बस जीरकपुर के छत लाइट चौक के पास पहुंची, तभी पटियाला की तरफ जा रहे एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क पर पलट गई।
बस में सवार थे करीब 45 यात्री
हादसे के समय बस में लगभग 45 यात्री मौजूद थे। बस पलटते ही कई यात्री सीटों से गिर पड़े, जबकि कुछ लोग अंदर फंस गए। यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बस के नीचे दबा युवक
हादसे के दौरान एक युवक बस के नीचे आ गया। बताया जा रहा है कि उसकी बाजू बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
स्थानीय लोगों ने बचाईं कई जानें
घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
गंभीर घायलों को चंडीगढ़ रेफर
सभी घायलों को पहले डेराबस्सी सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद कई गंभीर रूप से घायल यात्रियों को चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
दुर्घटना के बाद बस करीब दो घंटे तक सड़क के बीच पड़ी रही, जिससे हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। बाद में हाइड्रा मशीन की मदद से बस को हटाया गया और यातायात सामान्य कराया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read More:
आज से 5 देशों की यात्रा पर PM मोदी, UAE से होगी दौरे की शुरुआत, भारत के लिए क्यों अहम है ये विजिट?

