उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। करेली थाना क्षेत्र के गौस नगर में दिनदहाड़े इरफान गद्दी नाम के शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उसे बीच सड़क पर निशाना बनाया और सीने में गोली मारी। गोली लगते ही इरफान सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोग उसे अस्पताल ले गए, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मनीष कुमार शांडिल और राजकुमार मीणा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
कौन था इरफान गद्दी?
बताया जा रहा है कि इरफान गद्दी का संबंध पहले माफिया अतीक अहमद(Atiq Ahmed) के परिवार से रहा था। वह अतीक के भाई अशरफ अहमद के साथ गनर के रूप में रहता था और उनकी सुरक्षा में हथियार लेकर चलता था। स्थानीय लोगों के अनुसार, इरफान की चकिया निवासी आशिफ दुर्रानी से पुरानी दुश्मनी चल रही थी। इसी रंजिश को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है।
मृतक के परिजनों की शिकायत पर आशिफ दुर्रानी समेत एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में कई अहम सुराग मिले हैं और हर पहलू से जांच की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
कब हुई थी अतीक और अशरफ की हत्या ?
गौरतलब है कि अतीक अहमद और उनके भाई अशरफ अहमद की 15 अप्रैल 2023 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय दोनों को पुलिस कस्टडी में मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था।
इसी दौरान तीन हमलावरों ने मीडिया और पुलिस की मौजूदगी में उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अतीक को सिर में गोली लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि अशरफ भी उसी हमले में मारा गया। यह पूरी घटना लाइव टीवी पर रिकॉर्ड हुई थी, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था।