Domestic Violence UP: पीलीभीत में घरेलू हिंसा का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शराब के लिए पैसे न मिलने पर एक पति ने अपनी पत्नी के साथ बेरहमी की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर दांतों से उसकी नाक काटकर अलग कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के महेशपुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक, अमन कुमार नाम के व्यक्ति का अपनी पत्नी पूजा देवी से बुधवार रात शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर अमन ने पत्नी का चेहरा पकड़कर उसकी नाक को दांतों से काट लिया, जिससे नाक का आगे का हिस्सा अलग हो गया।
खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंची महिला
घटना के बाद महिला दर्द से तड़पती रही और आरोपी मौके से फरार हो गया। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत दियोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बरेली के हायर सेंटर रेफर कर दिया। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बाराबंकी में भी सामने आया घरेलू हिंसा का मामला
इसी तरह का एक और मामला बाराबंकी से सामने आया है, जहां एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता अंजली कनौजिया के अनुसार, उसकी शादी 29 नवंबर 2025 को रवि कुमार कनौजिया से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में कमी बताकर उसे प्रताड़ित कर रहे थे और बाराबंकी शहर में प्लॉट और सोने की चेन की मांग कर रहे थे।
सुलह बैठक में भी की मारपीट
पीड़िता ने बताया कि 29 मार्च को जयगुरुदेव आश्रम के पास सुलह-समझौते के लिए दोनों पक्षों की बैठक बुलाई गई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसके पति ने उसका सिर दीवार में मार दिया, जिससे वह घायल हो गई। महिला ने अपने पति, सास-ससुर और अन्य परिजनों पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। मामले में आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। इन दोनों घटनाओं ने एक बार फिर घरेलू हिंसा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Read More:
CM योगी ने किया ग्रेटर आगरा योजना का शिलान्यास, NCR के निवेशक हुए उत्साहित…

